समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं. स्मृति ईरानी इन सपा विधायकों को बीजेपी में शामिल कराएंगी. यूपी की सियासत में उठापटक शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, विनोद चतुर्वेदी और अभय सिंह आज बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. अमेठी में स्मृति ईरानी के कार्यक्रम में ये सभी तीनों विधायक शामिल होने वाले हैं. यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहने वाले हैं.
राकेश प्रताप सिंह अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक हैं. अभय सिंह अयोध्या की गोसाईगंज सीट और विनोद चतुर्वेदी जालौन की कालपी विधानसभा सीट से विधायक हैं. इन विधायकों ने 2022 में एसपी के टिकट पर चुनाव जीता लेकिन 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार को वोट किया था.