उत्तर प्रदेश वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत का मामला फिर गरम हो गया है. एपिक (EPIC) नंबर सर्च करने पर दूसरे मतदाता की जानकारी सामने आ रही है. कांग्रेस के आरोपों पर चुनाव आयोग अब सख्त है, पीलीभीत में गलतियां सुधारने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. बुधवार को यूपी कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाया- पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हुई. कांग्रेस ने कहा सॉफ्टवेयर के जरिए वोटरों के नाम बदले गए. इस 127 नंबर विधानसभा पीलीभीत सदर में टोटल 13,150 नाम बदले गए, 804 नाम विलुप्त कर दिए जबकि वो मौजूद हैं और उन्होंने आवेदन दिया है कि हम तो रहते हैं, हमें विलुप्त कैसे कर दिया. 2600 वोट एडिशनल कर दिए जो वहां रहते ही नहीं हैं, एड्रेस वेरिफाई किया तो लोग रहते ही नहीं मिले. टोटल एक ही विधानसभा में 16,554 वोट का खेल कर दिया.