नेपाल में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस हादसे में मारे गए विदेशी नागरिक की पहचान तमिलनाडु के रहने वाले भारतीय वसंत कुमार के रूप में हुई है. एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है. हादसा पूर्वी नेपाल के पहाड़ी सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे में हुआ. सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख डीएसपी नवीन राजा बुढाथोकी ने बताया कि तमिलनाडु के वसंत कुमार की मौत हुई है.
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि 'एयर डायनेस्टी हेली सर्विस प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित एक एएस350 हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर 9एनएओडी) लुक्ला हवाई अड्डे से फेरिचे के लिए रवाना हुआ था. दूसरा हेलीकॉप्टर, जो 'फिशटेल एयर प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित एक एएस350 (रजिस्ट्रेशन नंबर 9एनएजेआर) था, दो विदेशी नागरिकों को लेकर गोराक्षेप इलाके से फेरिचे के लिए निकला था. प्राधिकरण के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 8:12 बजे फेरिचे में उतरते समय ये दोनों हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए.