दिल्ली से सटे फरीदाबाद के सेक्टर 21सी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में सिंगापुर की एक निजी कंपनी में काम करने वाले 42-वर्षीय परमजीत धनखड़ की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी मोनू शर्मा ने इस घटना से पहले स्थानीय पुलिस चौकी पर धनखड़ को धमकी दी थी. उसने कहा था- "मैं तुम्हें आज रात जिंदा नहीं छोड़ूंगा." पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत धनखड़ पर करीब 15 गोलियां चलाईं, जिनमें से नौ उन्हें लगीं. धनखड़ की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पड़ोसियों के बीच पुराना विवाद था. हाल में यह विवाद तब और बढ़ गया, जब धनखड़ के बेटे शौर्य ने पार्किंग क्षेत्र का टूटा हुआ गेट ठीक कराने को लेकर शर्मा से बात की थी.