SSC GD Exam 2026 Cancelled News: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित की जा रही एसएससी जीडी (SSC GD) कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर भारी अव्यवस्था, हंगामा और छात्रों के उग्र प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच परीक्षा देने पहुंचे लाखों उम्मीदवारों को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब प्रयागराज के अंदवा केंद्र, कानपुर के महाराजपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर के कुछ सेंटर्स पर तकनीकी खराबी का हवाला देकर परीक्षा की पारियों (शिफ्ट) को अचानक रद्द कर दिया गया। कानपुर के एक सेंटर पर क्षमता से तीन गुना अधिक (399 की जगह 819) अभ्यर्थियों को बुलाए जाने और प्रयागराज में कंप्यूटर सर्वर क्रैश होने के कारण हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।