दिल्ली के ITO के पास रिंग रोड पर एक करोड़ रुपए की बड़ी लूट हुई है. राष्ट्रीय राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक में पिस्तौल के दम पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना सोमवार शाम की है. एक कारोबारी के स्टाफ के कर्मचारी 3 करोड़ रुपए कैश लेकर ऑटो से जा रहे थे. दो बैग में पैसे थे - एक में 1 करोड़ और दूसरे में 2 करोड़. ITO के पास रिंग रोड पर दो स्कूटी सवार बदमाश आए और नोटों से भरा बैग छीन लिया. बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने कनपटी पर पिस्तौल तान दी और 1 करोड़ रुपए वाला बैग लेकर फरार हो गए.पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है. आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. कैश कैरी कर रहे स्टाफ से भी पूछताछ हो रही है कि वो कैसे जा रहे थे और पूरी वारदात कैसे हुई. दिल्ली जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े करोड़ों की लूट से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.