Chhath Puja 2026: दिल्ली से पटना तक धूम, सुबह-सुबह घाटों पर उमड़ी भीड़, देखें शहर-शहर से LIVE

  • 7:21
  • प्रकाशित: नवम्बर 16, 2026

देश भर में छठ महापर्व मनाया जा रहा है और आज ये महापर्व संपन्न हो रहा है. छठ के अंतिम दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जा रहा है और इसके साथ ही 36 घंटों का कठिन निर्जला व्रत भी पूरा हो जाएगा. व्रती अब प्रसाद ग्रहण करके अपने व्रत का पारण करेंगे. छठ पूजा में नियम, निष्ठा और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. प्रसाद बनाते वक्त भी शुद्धता और पवित्रता का खास ख्याल रखा जाता है. ये व्रत अत्यंत कठिन माना जाता है, जिसमें लोगों की अटूट आस्था है. पटना के मीनार घाट से संवाददाता सोमू आनंद ने तस्वीरें दिखाईं. घाट पर जहां तक नजर जाती है, सिर्फ श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं. गंगा किनारे छठ व्रती 36 घंटे से निर्जला उपवास पर हैं, खरना के बाद से ही वो उपवास पर हैं. कई लोग रांची, झारखंड से भी खासतौर पर छठ पूजा करने पटना आए हैं.  उनका कहना है  जड़ बिहार से जुड़ी है, गंगा किनारे छठ करने का आनंद ही कुछ और है. सभी छठी माई से सुख-शांति और घर-परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं. दिल्ली में बीजेपी नेता नितिन नबीन के घर के बाहर से भी तस्वीरें आईं. नितिन नबीन अपने परिवार के साथ मौजूद हैं. उनकी पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव पिछले कई सालों से छठ करती आ रही हैं. कुंड में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारी पूरी हो चुकी है. ये काफी भावुक क्षण है, क्योंकि आज 36 घंटे का कठिन उपवास पूरा होगा.