Rahul Gandhi Remark On PM Modi: पीएम मोदी और गृहमंत्री के खिलाफ राहुल गांधी के विवादित बोल

रायबरेली. उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान ने सियासी माहौल को गरमा दिया है. अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “गद्दार” तक कह दिया, जिसके बाद यह मामला बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया है.

राहुल गांधी ने अपने भाषण में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री संविधान पर हमला कर रहे हैं और देश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीजेपी या आरएसएस से जुड़े लोग बात करें, तो उन्हें बताया जाए कि “देश का संविधान बचाने की जरूरत है”.
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार वोट “चोरी” कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान और देश की आत्मा को बचाने की लड़ाई है.

हालांकि, राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी ने कड़ा पलटवार किया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का बयान बेहद आपत्तिजनक है और उन्होंने सीधे तौर पर देश के लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान किया है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुना है, ऐसे में प्रधानमंत्री को “गद्दार” कहना दरअसल पूरे देश का अपमान है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भाषा “देश विरोधी ताकतों” जैसी है.

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के बाद की यह बयानबाजी आने वाले चुनावों की पृष्ठभूमि तैयार कर रही है. एक तरफ कांग्रेस सरकार पर संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी इसे राष्ट्र और जनादेश पर हमला बता रही है.

संबंधित वीडियो