NEET 2026 exam date: NEET परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. सरकार ने री-एग्जाम की नई तारीख 21 जून तय कर दी है. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस फैसले के साथ ही परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव के संकेत भी दिए हैं. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस बार सामने आई अनियमितताओं और कथित पेपर लीक के मामलों की जांच अब CBI कर रही है. एजेंसी ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश हो रही है. यह जांच सिर्फ आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह भी पता लगाया जाएगा कि परीक्षा की सुरक्षा में कहां चूक हुई.
इस पूरे विवाद के बीच सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि आने वाले समय में परीक्षा प्रणाली में बदलाव जरूरी है. अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट की बजाय कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराई जाएगी. इससे परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की कोशिश की जाएगी.
सरकार ने राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों को लागू करने की बात भी कही है. हालांकि, सवाल यह है कि जब इन सिफारिशों का पालन किया गया था, फिर भी सिस्टम में सेंध कैसे लग गई. यही वजह है कि अब CBI से उम्मीद जताई जा रही है कि वह पूरी जिम्मेदारी तय करेगी.
साथ ही सख्त चेतावनी भी दी गई है. कहा गया है कि यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा में गड़बड़ी या धोखाधड़ी करने की कोशिश करेगा, तो उसे कड़ी सजा दी जाएगी. सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि इस बार किसी भी तरह की मालप्रैक्टिस बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
लाखों छात्रों के लिए यह खबर राहत और चिंता दोनों लेकर आई है. एक तरफ जहां नई तारीख घोषित होने से अनिश्चितता खत्म हुई है, वहीं दोबारा परीक्षा देने का दबाव भी सामने है. अब छात्रों की नजर 21 जून पर है, जहां इस पूरे विवाद के बाद परीक्षा की निष्पक्षता सबसे बड़ी कसौटी होगी.