उत्तर प्रदेश में मस्जिद, बुलडोजर और 2027 चुनाव को लेकर नया सियासी बवाल शुरू हो गया है. इसकी शुरुआत सहारनपुर कलेक्टोरेट परिसर में बनी मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से हुई. प्रशासन ने इसे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बताकर गिराया, जिसके बाद मलबे के नीचे कुआं मिलने से विवाद और बढ़ गया. ASI टीम ने कहा कुआं 250 साल पुराना हो सकता है. इसके बाद संभल और मुरादाबाद की मस्जिदें भी रडार पर आ गईं. संभल में वहिउद्दीन मस्जिद में ASI की संरक्षित जमीन पर कब्जे और ढांचे को किले जैसा रूप देने की शिकायत पर ASI और पुलिस टीम निरीक्षण के लिए पहुंची. वहीं संभल की ही एक दरगाह पर आर्य समाज ने दावा ठोका, जिसके बाद प्रशासन फीता लेकर नाप-जोख करने पहुंचा तो स्थानीय लोग पुराने कागजात लेकर आ गए.