सहारनपुर में पिछले 3 दिनों में हुई तीन घटनाओं ने पश्चिमी यूपी को फिर से सियासी प्रयोगशाला बना दिया है. पहला मामला सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को कोर्ट के आदेश पर ढहाने का है. प्रशासन ने शनिवार को भारी सुरक्षा में मस्जिद गिराई, मलबा हटाने के दौरान वहां ईंटों से बना 20-25 फीट गहरा कुआं मिला, जिसके बाद ASI टीम ने निरीक्षण किया. इसके ध्वस्त होने पर सियासी बवाल मच गया।दूसरी घटना में कांग्रेस और सपा के सहारनपुर कूच को पुलिस ने रोक दिया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ में ही हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि सपा विधायक अतुल प्रधान के 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मेरठ में उनके घर पर ही रोक दिया गया. सपा सांसद हरेंद्र मलिक किसी तरह सहारनपुर पहुंचे लेकिन कलेक्टर से नहीं मिल पाए और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देना पड़ा.