उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्टोरेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को गिराए जाने के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी ने कल ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की, वहीं कांग्रेस भी योगी सरकार पर हमलावर है. विपक्ष इसे लोकतंत्र और संविधान पर हमला बता रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जानबूझकर दूसरे धर्म पर अत्याचार कर रही है और लोगों से न्याय का अधिकार छीना जा रहा है. इस पर बीजेपी नेता संगीत सोम ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि वह कोई मस्जिद नहीं थी, बल्कि सरकारी जमीन पर अवैध बिल्डिंग पर कब्जा था जिसे कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने खाली कराया. संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव हिंदू-मुस्लिम को बांटने और तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "अखिलेश का हाथ भू-माफिया, पापियों, गुंडों के साथ है." संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर दंगों की बरसी पर लगे पोस्टरों को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ये पोस्टर अखिलेश के लोगों ने ही लगवाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दंगे के दिन अखिलेश सैफई में हीरोइन का डांस देख रहे थे.