India-Nepal Border Smuggling: टैक्स से बचने का जुगाड़! भारत‑नेपाल बॉर्डर पर महिलाओं ने अपनाया छुपा रास्ता

India Nepal Border Smuggling Exposed: नेपाल द्वारा भारत से आने वाले सामान पर टैक्स यानी भंसार की सख्ती का असर अब भारत–नेपाल सीमा पर साफ दिखाई देने लगा है. रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने रक्सौल आने वाले नेपाली नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. चावल, दाल, कपड़े और घरेलू सामान पर भंसार देने के साथ‑साथ चेकिंग के दौरान नुकसान की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. कई लोगों का कहना है कि सामान फाड़ दिया जाता है या गिर जाने से बर्बाद हो जाता है, लेकिन नेपाल की तुलना में भारत में सस्ता होने के कारण वे मजबूरी में खरीदारी करते हैं.


इसी मजबूरी ने अब एक नया, छुपा हुआ रास्ता बना दिया है. एनडीटीवी के कैमरे में महिलाएं और पुरुष बॉर्डर पर वैकल्पिक कच्चे रास्तों से सामान ले जाते दिखे, ताकि भंसार से बचा जा सके. पीठ और पेट पर सामान बांधकर, चादर से ढककर लोग सीमा पार कर रहे हैं. ओपन बॉर्डर का फायदा उठाकर पनटोका, मुसहरवा, हरईयाँ और महदेवा जैसे नाकों से यह आवाजाही आम होती जा रही है.


स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कुछ व्यापारी अवैध तरीके से सामान मंगवाने को बढ़ावा दे रहे हैं. इसके बदले सामान लाने वालों को 5 से 10 प्रतिशत तक कमीशन मिलता है. कई महिलाएं दिन में दो‑तीन बार आना‑जाना कर हजारों रुपए कमा रही हैं. सवाल यह है कि भंसार की सख्ती ने अवैध रास्तों को कितना बढ़ावा दे दिया है.

संबंधित वीडियो