कानपुर में करोड़पति कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है. जिस बहू शालू को रोते देखा गया था, पुलिस ने उसी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है. घटना शनिवार रात 11:28 बजे की है जब बुजुर्ग कारोबारी फ्लैट में अकेले थे. दो आरोपियों ने घर में घुसकर पहले चाकू से 26 वार किए फिर गला रेत कर हत्या कर दी. सुबह बेटा-बहू के पार्टी से लौटने पर खून से लथपथ लाश मिली. CCTV में नौकर विशाल अपने साथी के साथ फ्लैट में घुसता-निकलता दिखा. पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दोनों को गिरफ्तार किया. विशाल 1 साल से कारोबारी के यहां काम करता था, चोरी के आरोप में निकाला गया था. उसके पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी थी, जिससे परिवार के निकलते ही वह अंदर घुसा. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बहू शालू ने ही 6 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई है. कॉल डिटेल में शालू और आरोपियों के बीच 14 बार बातचीत मिली है. गिरफ्तार होने पर शालू ने भी गुनाह कबूल कर लिया है. कारोबारी के बेटे की संलिप्तता के सबूत अभी नहीं मिले हैं, लेकिन वह भी जांच के रडार पर है.