CM Yogi On Hanuman Garhi Namaz: यूपी की राजनीति की पिच इस बार फिलहाल राम मंदिर के इर्द-गिर्द सिमटती हुई नजर आ रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से जिस तरह के बयान आ रहे हैं, उससे यह साफ होता जा रहा है कि आरोप-प्रत्यारोप के इस पूरे दौर में राम मंदिर चुनावी राजनीति का केंद्र बना हुआ है. अब इस बहस में कब्रिस्तान, नमाज और रामद्रोह जैसे मुद्दे भी शामिल हो चुके हैं. समाजवादी पार्टी पर कारसेवकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया जा रहा है, वहीं कांग्रेस पर भगवान राम के अस्तित्व को न मानने का आरोप लगाया जा रहा है. इस तरह के तमाम राजनीतिक बयान और आरोप यह संकेत दे रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर एक बार फिर चुनावी विमर्श के केंद्र में आ गया है.