मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाए गए. वे अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब ज्ञानेश कुमार बाहर निकल रहे थे, तभी दो युवकों ने उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. जानकारी के मुताबिक, दोनों प्रदर्शनकारी ज्ञानेश कुमार से मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा देने की मांग कर रहे थे. मुख्य चुनाव आयुक्त इन दिनों दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं.