छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पावर प्लांट के बॉयलर नंबर‑1 में ट्यूब फटने से बड़ा धमाका हुआ, जिसमें अब तक 16 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है.
हादसे के वक्त प्लांट के अंदर तापमान 600 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बताया जा रहा है. इसी वजह से तुरंत रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया. हालात सामान्य होने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
ग्राउंड जीरो से NDTV की टीम आपको घटनास्थल की भयावह तस्वीरें दिखा रही है. फटे हुए बॉयलर, उड़कर गिरी पाइपलाइनों, बिखरे सेफ्टी किट और मजदूरों के जूते हादसे की गंभीरता की गवाही दे रहे हैं.
इस दुर्घटना में करीब 34 से 37 लोग घायल बताए जा रहे हैं. 5 मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज अलग‑अलग अस्पतालों में चल रहा है. कई मजदूरों की जान इलाज के दौरान और अस्पताल ले जाते वक्त गई.
यह हादसा 14 अप्रैल को दोपहर 2:35 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्लांट के बॉयलर सिस्टम में तकनीकी खराबी इस दुर्घटना की वजह मानी जा रही है. मामले की जांच जारी है.