Bandra violence: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा इलाके में रेलवे की जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे बुलडोजर अभियान के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए। कार्रवाई के दौरान भारी पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद पुलिस को सख्त एक्शन लेना पड़ा। पूरे घटनाक्रम के वीडियो और ड्रोन फुटेज सामने आए हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि किस तरह से भीड़ ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर पत्थर और सीमेंट ब्लॉक फेंके।
पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार लोगों में एक आरोपी सद्दाम अंसारी भी शामिल है, जिसकी पहचान वीडियो फुटेज के जरिए हुई। बताया जा रहा है कि यह वही शख्स है, जो लाल कुर्ता-पायजामा पहनकर पुलिस पर बड़ा सीमेंट ब्लॉक फेंकता नजर आया।
क्या था पूरा मामला?
बांद्रा में रेलवे की जमीन से अवैध कब्जे हटाने के लिए पिछले कुछ दिनों से अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती दिन शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई हुई, लेकिन दूसरे दिन हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। आरोप है कि करीब 150 लोगों की भीड़ ने अचानक पुलिस और प्रशासन पर हमला कर दिया। ड्रोन कैमरों में कैद तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कई लोग पहले से पत्थर और बोल्डर लेकर आए थे और उन्हें पुलिस पर फेंक रहे थे। इससे कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए।
पुलिस का दावा – ‘साजिश के तहत हमला’
मुंबई पुलिस ने इस पूरी घटना को सुनियोजित साजिश बताया है। पुलिस के अनुसार, पत्थरबाजी अचानक नहीं हुई बल्कि इसकी पहले से तैयारी की गई थी। आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।