पश्चिम बंगाल में सरकार गठन को लेकर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. कोलकाता में गृहमंत्री अमित शाह की अगुवाई में पूरे दिन बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें बीजेपी के शीर्ष नेता और कोर कमिटी के सदस्य शामिल होंगे. सबसे पहले वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा होगी, उसके बाद कोर कमिटी की बैठक आयोजित की जाएगी. दिन की सबसे महत्वपूर्ण बैठक शाम को विधायक दल की होगी, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदार हैं. उन्होंने चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर पार्टी को बड़ी जीत दिलाई है, जिसके चलते उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. हालांकि, औपचारिक घोषणा से पहले पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी नेताओं से विचार-विमर्श कर रही है.
अमित शाह के नेतृत्व में हो रही इन बैठकों में सरकार गठन, मंत्रिमंडल की रूपरेखा और शपथ ग्रहण की तैयारियों पर भी चर्चा होगी. पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी हुई है. अब देखना होगा कि आधिकारिक ऐलान कब होता है, लेकिन इतना तय है कि पश्चिम बंगाल को आज अपना नया मुख्यमंत्री मिल सकता है.