Kedarnath Yatra 2026 Update: केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को समय पर और सुरक्षित रूप से शुरू कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. ऊंचाई वाले इलाकों में जमी भारी बर्फ इस समय सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है, लेकिन इस चुनौती से निपटने के लिए प्रशासन, आईटीबीपी और पुलिस एकजुट होकर मोर्चा संभाले हुए हैं. खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद धाम तक रास्ता खोलने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, ताकि तय समय पर श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर सकें.
युद्धस्तर पर बर्फ हटाने का अभियान
केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर कई फीट बर्फ जमी हुई है. इसके बावजूद प्रशासन की टीमें लगातार बर्फ हटाने में जुटी हैं. मशीनों के साथ-साथ मैनुअल तरीके से भी रास्ता साफ किया जा रहा है. दिन-रात चल रहे इस अभियान का मकसद यात्रा मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाना है, ताकि यात्रा शुरू होने में कोई बाधा न आए.
कठिन हालात में जवानों का समर्पण
इस चुनौतीपूर्ण काम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान कंधे से कंधा मिलाकर लगे हुए हैं. बर्फबारी, तेज ठंड और फिसलन के बीच जवान अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता साफ कर रहे हैं. उनका यही समर्पण यात्रा की सफलता की नींव बन रहा है.
22 अप्रैल से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से प्रस्तावित है. फिलहाल धाम क्षेत्र में करीब 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने का कार्य लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि बर्फ साफ होते ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को समय पर रोजगार मिल सके.
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
प्रशासन का फोकस सिर्फ रास्ता खोलने तक सीमित नहीं है. यात्रा शुरू होने से पहले पेयजल, बिजली, ठहरने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाओं को पूरी तरह बहाल किया जाएगा. जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े.
सुरक्षा व्यवस्था को किया जाएगा और मजबूत
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि इस समय केदारनाथ धाम में पुलिस के 3 जवान और आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं. पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जा रहा है. श्रद्धालुओं की आवाजाही, ठहराव और आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया जा रहा है.














