हरिद्वार में हादसा: दिल्ली‑देहरादून हाईवे पर हरियाणा के यात्रियों की कार टैंकर से टकराई, 6 घायल

हरिद्वार में दिल्ली‑देहरादून हाईवे के फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां हरियाणा से आ रही एक कार तेल टैंकर से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार सवार 6 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Delhi-Dehradun Highway Accident: हरिद्वार में दिल्ली‑देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त अफरा‑तफरी मच गई, जब हरियाणा से आ रहे यात्रियों की कार एक तेल टैंकर से टकरा गई. हादसा इतना तेज था कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि यह परिवार हरिद्वार में भागवत कथा में शामिल होने आ रहा था, लेकिन रास्ते में यह यात्रा हादसे में बदल गई. पुलिस और प्रशासन की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया और हाईवे पर लगा जाम भी खुलवाया गया.

भागवत कथा में शामिल होने आ रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से एक परिवार अपनी निजी कार से हरिद्वार आ रहा था. परिवार को यहां भागवत कथा में शामिल होना था. दोपहर के समय जैसे ही कार प्रेमनगर क्षेत्र में दिल्ली‑देहरादून हाईवे के फ्लाईओवर पर पहुंची, आगे चल रहे एक टैंकर से उसकी टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और पीछे से जाकर टैंकर में जा घुसी.

प्रेमनगर फ्लाईओवर पर हुआ हादसा

यह दुर्घटना 13 अप्रैल 2026 को दोपहर के समय प्रेमनगर फ्लाईओवर पर सतनाम साक्षी घाट के ऊपर हुई. हादसे में इंडियन ऑयल का टैंकर, जिसका नंबर UK07 CC 1920 है, आगे चल रहा था. पीछे से हरियाणा नंबर की मिराज कार (HR26 DU8179) ने टैंकर को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

कार सवार 6 लोग घायल, कुछ की हालत गंभीर

हादसे में कार में सवार कुल 6 लोग घायल हो गए. घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. सूचना मिलते ही सीपीयू टीम और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मौके पर हालात को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया.

Advertisement

क्रेन और हाइड्रा की मदद से हटाए वाहन

हाईवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए क्रेन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की हाइड्रा मशीन की मदद ली गई. टैंकर और कार को सड़क से किनारे कराया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सके. थाना कनखल की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मुख्य मार्ग पर लगे जाम को खुलवाया. कुछ ही समय में ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

Featured Video Of The Day
Asha Bhosle Last Rites: अलविदा आशा भोसले, नम आंखों के साथ दी जा रही विदाई | Asha Bhosle Dies