- बदायूं जिले के जिरोलिया व अब्दुल्लागंज मोड़ के पास बारातियों से भरी बस रोडवेज बस से टकरा गई थी
- इस हादसे में तीन बारातियों की मौत हुई और रोडवेज चालक समेत ग्यारह लोग घायल हो गए थे
- मृतक योगेश, सोनू और किशन कासगंज व बदायूं के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं
यूपी के बदायूं जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे हो गया. शाहजहांपुर से कासगंज लौट रही बारातियों से भरी बस रोडवेज बस से टकरा गई.हादसे में तीन बारातियों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज चालक समेत 11 लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
कैसे हुआ हादसा?
हादसा जिले के बरेली-मथुरा हाईवे स्थित जिरोलिया व अब्दुल्लागंज मोड़ के पास हुआ.यहां शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के बारह कला से बारातियों से भरी बस कासगंज जिले के बम्भा नगला लौट रही थी.बस में करीब 50 से अधिक बाराती बैठे हुए थे. जैसे ही बस जिरोलिया व अब्दुल्लागंज मोड़ के पास पहुंची, वैसे ही सामने से आ रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई. इसमें सवार तीन बाराती, कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र के गांव इसेपुर निवासी योगेश 30 वर्ष पुत्र संजय, कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी सोनू 22 वर्ष पुत्र अशोक और बदायूं उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला निवासी 14 वर्षीय किशन पुत्र रमेश की मौत हो गई. जबकि अभिषेक पुत्र शिशुपाल, सत्यवीर पुत्र रमेश, मुन्ना लाल पुत्र कल्याण, जीतू मुनीश, वासु पुत्र रमेश, सुरेश पुत्र रघुवीर, मुरारी पुत्र बहोरी, नक्षत्रपाल पुत्र रतिराम, रामसुशील पुत्र सीताराम तथा रोडवेज चालक प्रेमपाल व परिचालक दिलीप घायल हो गए. सभी घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है.
पुलिस ने क्या बताया?
हादसे को लेकर एसपी देहात ने बताया कि प्राइवेट बस और रोडवेज बस में आमने-सामने टक्कर हुई है, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं। घायलों की हालत में सुधार है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है.














