कानपुर में देर रात सीवर टैंक साफ करने उतरे जीजा-साले, जहरीली गैस से दम घुटकर मौत

कानपुर में सीवर टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें जीजा-साला जावेद (45) और आबिद (25) शामिल हैं. तीसरा व्यक्ति इरफान गंभीर हालत में है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सांकेतिक तस्वीर.

Sweeper Death in Sewer Tank: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक अपार्टमेंट में सीवर टैंक की सफाई करने उतरे दो लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई. मरने वाले दोनों रिश्ते में जीजा-साले थे. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले इरफान, जावेद (45) और आबिद (25) रविवार देर रात कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित ओम एन्क्लेव अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई करने पहुंचे थे. काम रात करीब 12:30 बजे शुरू हुआ. तीनों सफाई कर्मियों ने पहले राउंड की सफाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली थी और टैंक से बाहर आ गए थे.

रात 2 बजे फिर टैंक में उतरे

हादसे के गवाह और जीवित बचे इरफान ने बताया कि रात करीब 2 बजे वे दोबारा टैंक के अंदर उतरे. इस बार जावेद और आबिद टैंक की अधिक गहराई में चले गए. गहराई में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण वे अंदर ही फंस गए. काफी देर तक जब अंदर से कोई आहट नहीं मिली तो बाहर खड़े इरफान ने शोर मचाना शुरू किया.

गैस का असर इरफान पर भी होने लगा और उसे चक्कर आने लगे, लेकिन वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

Advertisement

एसडीआरएफ ने तीनों युवकों को बाहर निकाला

घटना की गंभीरता को देखते हुए ACP कल्याणपुर आशुतोष और DCP वेस्ट एसएम कासिम आबिदी पुलिस बल और SDRF की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. SDRF की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और टैंक में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला. पुलिस ने तत्काल तीनों को हैलट अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जावेद और आबिद को मृत घोषित कर दिया. तीसरे युवक इरफान की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

पुलिस ने क्या बताया

ACP कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवक रात 12 बजे से काम कर रहे थे. सुबह करीब 3:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला था. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है कि क्या सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया गया था या नहीं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
इजरायल से दूर रहो और... अरब और इस्लामिक देशों से ईरान ने क्या कुछ कहा, देखें VIDEO