Shamli Crime News: उत्तर प्रदेश के शामली में दुकान पर कब्जा करने के आरोपी का जेल से रिहा होने के बाद सड़क पर जश्न मनाया गया. समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की. हैरानी की बात यह भी रही कि इस जश्न का इंतजाम आरोपी के बेटे ने किया था जो कब्ज़ा करने और जान से मारने के मामले में ही फरार चल रहा है. इस पूरे जश्न का वीडियो अरशद कुरैशी नाम के व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया जो वायरल हो गया. जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और अब कार्रवाई की बात कह रही है.
दरअसल, यह पूरा मामला जनपद शामली के सदर कोतवाली इलाके में आने वाले तैमूर शाह मोहल्ले का है. जहां रहने वाले इखलाक उर्फ कालू कुरैशी का भौकाल ऐसा कि बड़े से बड़ा माफिया भी उसके सामने फीका पड़ जाए. कालू को गत 19 फरवरी को कोतवाली पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर उस पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था. देर शाम कालू कुरैशी जैसे ही जेल से रिहा होकर आया तो उसने शामली की सड़कों अपने लोगों के साथ जश्न मनाया और इस दौरान आतिशबाजी भी की.
सोशल मीडिया पर आते ही वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है की इस पूरे जश्न का इंतजाम उसके बेटे शाहनवाज ने किया था जो खुद दुकान पर कब्जा करने के मामले में वांछित चल रहा है, पुलिस उसे अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है. जश्न का वीडियो अरशद कुरैशी नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें आरोपियों का हुड़दंग साफ देखा जा सकता है.
एक महीने बाद भी फरार बेटा गिरफ्तार नहीं
बता दें कि इरफान पुत्र हाजी यूसुफ निवासी मोहल्ला तैमूर शाह गली नंबर 1 ने 18 फरवरी को कोतवाली पुलिस को आरोपी कालू कुरैशी के खिलाफ तहरीर दी थी. जिसमें उसने कहा था कि कालू कुरैशी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी दुकान, जिस पर भतीजा बैठता है का रात के समय ताला तोड़कर सामान निकाल लिया. साथ ही दुकान पर कब्जा कर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर 19 फरवरी को कालू कुरैशी को जेल भेज दिया था. जेल से रिहा होने के बाद कालू कुरेशी शामली ने सड़क पर जश्न मनाया, जिसमें उसका फरार चल रहा बेटा भी शामिल हुआ. लेकिन, एक महीना बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है.
पीड़ित परिवार भी दहशत में
करीब 1 महीने से ऊपर का समय बीत जाने के बाद भी कालू कुरैशी के वांछित बेटे की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित पक्ष डरा हुआ है. वहीं, इस मामले को लेकर कोतवाली पर प्रभारी सचिन शर्मा ने कहा कि आतिशबाजी करने के मामले की जांच की जा रही है. आरोपी के फरार बेटे को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. उसके लिए टीमें लगा दी गई हैं.
(शामली से पंकज कुमार की रिपोर्ट)














