Char Dham Pilgrims: उत्तराखंड की चार धाम यात्रा शुरू हुए कुल 18 दिनों हो चुके है और पिछले 18 दिनों में यात्रा पर आए कुल 29 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है. मारे गए तीर्थयात्रियों की मौत की वजह स्वास्थ्य खराब बताया गया है. इनमें हार्ट अटैक समेत विभिन्न बीमारियां है, जिससे श्रद्धालुओं की मौत हुई है. बताया जाता है सबसे ज्यादा मौतें केदारनाथजी यात्रा रूट पर हुई हैं. चारधाम यात्रा पर आने वाले कुल 29 यात्रियों में से 15 यात्रियों की मौत केदारनाथजी के रूट पर हुई है. 22 अप्रैल को केदारनाथजी के कपाट खुले थे, जिसके बाद से अब तक कुल 15 तीर्थयात्रियों की मौत दर्ज हुई है. मारे गए सभी तीर्थयात्रियों की मौत का कारण खराब स्वास्थ्य है. इनमें हार्ट और उससे जुड़ी बीमारियों से मरने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है.
चारों धामों के कपाट खुलते ही उत्तराखंड में दर्शन करने के लिए उमड़ा है तीर्थ यात्रियों का सैलाब
गौरतलब है उत्तराखंड की चार धाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हुई थी सबसे पहले गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट खुले थे, जिसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले थे. चारों धामों के कपाट खुलते ही तीर्थ यात्रियों का सैलाब चारों धामों के दर्शन करने के लिए उमड़ रहा है. उत्तराखंड के चारों धामों में सबसे ज्यादा केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्री पहुंचे हैं.
अकेले केदारनाथ में अब तक दर्शन करने पहुंच चुके हैं 3 लाख 44 हजार 889 से अधिक तीर्थ यात्री
रिपोर्ट के मुताबिक अकेले केदारनाथजी में अब तक 3 लाख 44 हजार 889 से ज्यादा तीर्थ यात्री दर्शन करने पहुंच चुके हैं, जबकि बद्रीनाथ धाम में लगभग 2 लाख और गंगोत्री और यमुनोत्री में एक लाख से ज्यादा तीर्थ यात्री दर्शन कर चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य खराब के कारण चार धाम यात्रा में अब तक 29 तीर्थ यात्रियों की मृत्यु हुई है. इनमें केदारनाथ में 15, बद्रीनाथ में 7, यमुनोत्री में 4 और गंगोत्री में हुई 3 यात्रियों की मौत शामिल है.
ये भी पढ़ें-केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, एक सप्ताह में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन
यात्रा रूट पर 47 डेडीकेटेड अस्पताल, 28 स्पेशलिस्ट डॉक्टर के अलावा 400 डॉक्टर्स की तैनाती
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि हेल्थ एडवाइजरी के अलावा रजिस्ट्रेशन में भी यह बताया गया था कि जिसे हाई एल्टीट्यूड सिकनेस, शुगर, ब्लड प्रेशर, हृदय संबंधी बीमारी है, वो यात्रा में जाने से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर करवाएं. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चार धाम यात्रा रूट स्वास्थ्य की सभी तरह की व्यवस्थाएं पर की गई है. इनमें 47 डेडीकेटेड अस्पताल, 28 स्पेशलिस्ट डॉक्टर के अलावा 400 डॉक्टर्स की तैनाती शामिल है.
चारों धाम आने से तीर्थ यात्रियों के लिए जारी हेल्थ एडवाइजरी में साफ-साफ दिया गया था निर्देश
उल्लेखनीय है उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में पहले भी उत्तराखंड के चारों धामों को लेकर जारी हेल्थ एडवाइजरी में कहा था कि चारों धामों में आने से पहले तीर्थ यात्री स्वास्थ्य से जुड़ी बातों का ध्यान रखें, लेकिन उत्तराखंड में मात्र 18 दिन यात्रा के दौरान 29 तीर्थ यात्रियों की मौत यह साबित करती है कि जिन बातों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई थी शायद उन बातों को नजर अंदाज किया गया है














