पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी (TMC) में भारी टूट हो गई है. 58 बागी विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र स्पीकर को सौंपे जाने के बाद ऋतब्रत बनर्जी को आधिकारिक तौर पर विपक्ष का नेता बना दिया गया है. लेकिन ममता बनर्जी के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हो रही हैं. एनडीटीवी (NDTV) की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, टीएमसी के 20 से ज्यादा लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी अब बीजेपी (BJP) के संपर्क में हैं.
एनडीटीवी संवाददाता मनोज्ञा लोईवाल की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, ये सांसद बिना किसी शर्त के बीजेपी का दामन थामने को तैयार हैं. जिन नेताओं को कभी 'ममता चालीसा' पढ़ते देखा जाता था, वे अब अपना रुख बदल रहे हैं. काकोली घोष दस्तीदार के साथ-साथ कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, बीरभूम, मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे अहम इलाकों के कई बड़े नेताओं के नाम इस संभावित दल-बदल में शामिल बताए जा रहे हैं. बंगाल की राजनीति की पूरी दिशा और दशा अब बदलती हुई नजर आ रही है.