प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात: घर में मिली माता-पिता और बेटी की लाश, बेटा लापता होने से हत्या का शक

प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है. माता-पिता और बेटी की संदिग्ध मौत के बाद बेटे के लापता होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

प्रयागराज से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में एक बंद घर के अंदर पति, पत्नी और उनकी बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई है. तीन दिन पुराने बताए जा रहे इन शवों पर चोट के निशान मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है. वहीं परिवार का बेटा लापता है, जिससे इस पूरे केस ने एक रहस्यमयी और शक भरा मोड़ ले लिया है.

बंद घर से उठी बदबू, खुला खौफनाक राज

मंगलवार दोपहर पड़ोसियों को एक मकान से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. जब दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, तो अंदर का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए. अलग-अलग कमरों में तीन शव पड़े थे, जिनसे तेज बदबू आ रही थी.

तीन दिन पुराने बताए जा रहे शव

पुलिस के मुताबिक तीनों शव करीब तीन दिन पुराने लग रहे हैं. मृतकों की पहचान 70 वर्षीय वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी 65 वर्षीय पत्नी अनीता वैश्य और 45 वर्षीय बेटी मीनाक्षी वैश्य के रूप में हुई है. तीनों एक ही घर में रहते थे और अलग-अलग कमरों से उनके शव बरामद किए गए.

शरीर पर मिले चोट के निशान

शुरुआती जांच में पुलिस को तीनों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. यही वजह है कि पुलिस इस मामले को सिर्फ आत्महत्या मानकर नहीं चल रही, बल्कि हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया. उन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि कोई अहम सुराग मिल सके.

बेटा लापता, शक और गहराया

इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि परिवार का 40 वर्षीय बेटा घर से लापता है. पिछले तीन दिनों से वह नजर नहीं आया है. पुलिस का मानना है कि बेटे के मिलने के बाद ही इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी. फिलहाल उसकी तलाश जारी है.

Advertisement

डीसीपी सिटी के अनुसार अभी यह साफ नहीं है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और इस सनसनीखेज वारदात का सच सामने लाने की कोशिश में जुटी है.

Featured Video Of The Day
अखिलेश यादव को घेरते हुए क्या बोले ओपी राजभर?