- UP के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सियासत में MLA राजा भैया के करीबी MLA अक्षय प्रताप सिंह ने विवादित पोस्ट की
- अक्षय प्रताप सिंह ने ट्विटर हैंडल पर राजा भैया की पत्नी को टैग कर आक्रामक और वफादारी भरा संदेश साझा किया
- अक्षय ने राजा भैया के प्रति अपनी अटूट वफादारी जताई. उनके बचाव की बात कही है जो राजनीतिक हलचल बढ़ा रही
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सियासत में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है. कुंडा से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ के बेहद करीबी माने जाने वाले पूर्व सांसद और वर्तमान एमएलसी (MLC) अक्षय प्रताप सिंह 'गोपाल' के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. अक्षय प्रताप सिंह ने अपने आधिकारिक 'X' (ट्विटर) हैंडल पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वे हाथ में शराब का ग्लास लिए नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के साथ उन्होंने बेहद आक्रामक और वफादारी से भरी कुछ पंक्तियां लिखी हैं.
"जिस नर की बांह गही मैंने, जिस तरु की छांह गही मैंने,
उसपर ना वार चलने दूंगा, कैसे कुठार चलने दूंगा,
जीते जी उसे बचाऊंगा, या स्वयं आप कट जाऊंगा…"
राजा भैया के प्रति अपनी अटूट वफादारी
इस पोस्ट ने सामान्य से कहीं ज्यादा ध्यान इसलिए खींचा क्योंकि अक्षय प्रताप ने इसमें राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह को टैग किया है. गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी कुमारी के बीच पारिवारिक और कानूनी विवाद सुर्खियां बटोर रहा है. ऐसे में राजा भैया के 'दाहिने हाथ' कहे जाने वाले गोपाल जी द्वारा भानवी कुमारी को टैग कर "जीते जी बचाने" या "स्वयं कट जाने" की बात लिखना, सीधे तौर पर राजा भैया के प्रति अपनी अटूट वफादारी का खुला ऐलान माना जा रहा है.
राजा भैया और अक्षय प्रताप सिंह की जोड़ी दशकों पुरानी
प्रतापगढ़ और कुंडा की राजनीति में राजा भैया और अक्षय प्रताप सिंह की जोड़ी दशकों पुरानी है. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसके गहरे राजनीतिक व पारिवारिक मायने निकाल रहे हैं. हालांकि, इस पोस्ट को लेकर अभी तक अक्षय प्रताप सिंह की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान सामने नहीं आया है, लेकिन कुंडा के इस नए 'ट्विटर वॉर' ने विपक्षी खेमे और समर्थकों दोनों के बीच कौतूहल बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें- राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने MLC अक्षय प्रताप सिंह और साथियों पर दर्ज कराई FIR, कोर्ट ने दिया था आदेश
यह भी पढ़ें- प्रतीक यादव की अस्थियां हरिद्वार में गंगा में विसर्जित, भावुक दिखीं पत्नी अर्पणा, भाई आदित्य भी थे मौजूद













