- नोएडा के सेक्टर-70 बसई गांव के पास एक खड़ी कार खुले नाले में गिर गई
- ड्राइवर ने कार छोड़कर सामान लेने के लिए शराब के ठेके के पास जाना था, इसी दौरान कार नाले में गिर गई
- स्थानीय लोगों ने कई बार खुले नाले को ढकने के लिए प्रशासन को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई
दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-70 स्थित बसई गांव के पास फेज 3 पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक खड़ी कार खुले नाले में गिर गई. गनीमत ये रही कि कार का ड्राइवर कुछ देर पहले ही कार से निकला था. ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से टल गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला. पुलिस ने बताया कि बसई गांव के पास शराब के ठेके के पास ड्राइवर कार छोड़कर कुछ सामान लेने गया था. इसी दौरान कार नाले में गिर गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस नाले को ढकने के लिए कई बार प्रशासन को कहा जा चुका है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है. कुछ दिनों पहले ही नोएडा सेक्टर-150 में पानी भरे गड्ढे में कार गिरने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी, जिसके बाद नोएडा प्रशासन पर कई सवाल उठे थे.
नाले के पास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी का बोर्ड नहीं था
नोएडा सेक्टर-70 की घटना ने एक बार फिर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि खुले नाले के आसपास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी का बोर्ड नहीं लगा था. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में एक गंभीर हादसा हो सकता था. इसका ट्रेलर इस घटना के रूप में सामने आ गया है. अब तो अधिकारियों को इस नाले को ढकने का काम शुरू कर देना चाहिए.
ये भी पढ़ें :- कानपुर, नोएडा, दिल्ली, पुणे... देश के 5 सबसे चर्चित लग्जरी कार हादसे, रसूखदार आरोपियों को क्या मिली सजा?
खुले नाले-गड्ढे ले रहे लोगों की जान!
दिल्ली एनसीआर में खुले नाले और गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं. पिछले महीने गाजियाबाद में 11 वर्षीय बालक अपने घर के पास खेलते समय लगभग ढाई फुट गहरे और चौड़े खुले नाले में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई थी. इसके लिए स्थानीय लोगों ने नालों को न ढकने के लिए अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया. वहीं, पिछले दिनों नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत ने सबको हिला कर रख दिया था. घने कोहरे के बीच नोएडा के सेक्टर-150 में मेहता की कार पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई थी. इधर, दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है. दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए इस गड्ढे को लेकर राजनीति भी काफी गर्म है.
ये भी पढ़ें :- एक और 'युवराज'... नोएडा के बाद अब दिल्ली में खुले गड्ढे ने छीन ली एक जिंदगी, आखिर कब जागेगा सिस्टम?













