लखनऊ में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चेन स्नैचिंग के आरोपी के पैर में लगी गोली, हथियार बरामद

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल था, जिसमें बैंक मैनेजर की पत्नी को निशाना बनाया गया था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

लखनऊ के पीजीआई इलाके में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ दिन पहले बैंक मैनेजर की पत्नी से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी समेत कई सामान बरामद किए हैं.

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से इलाके में घूम रहा है. इसके बाद बरौली पुल के नीचे चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस ने जैसे ही बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, उसने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी.

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

कौन है आरोपी?

पुलिस ने आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव (22) के रूप में की है, जो सुल्तानपुर जिले का रहने वाला है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसके खिलाफ लखनऊ और सुल्तानपुर में पहले से कई मामले दर्ज हैं.

Advertisement

जांच में सामने आया है कि आरोपी हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल था, जिसमें बैंक मैनेजर की पत्नी को निशाना बनाया गया था.

मौके से क्या-क्या बरामद हुआ?

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से कई चीजें बरामद की है, जिनमें अवैध हथियार और कारतूस भी शामिल हैं. 

Advertisement
  • 315 बोर का अवैध तमंचा
  • एक खाली खोखा और एक जिंदा कारतूस
  • पीली धातु की चेन (करीब 3.360 ग्राम)
  • बिना नंबर प्लेट की हीरो स्ट्रीम मोटरसाइकिल
  • 1,700 रुपये नकद

DCP साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं और पुलिस उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर लखनऊ और सुल्तानपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें जबरन वसूली, हमला और अन्य आपराधिक धाराएं शामिल हैं. फिलहाल पीजीआई थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti Israel Attack On Israel | Mojtaba सच में घायल ? मौलाना का खुलासा | War News