- लखनऊ विश्वविद्यालय के लाल बारादरी भवन में नमाज को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है
- मुस्लिम छात्रों को नमाज पढ़ने से रोकने पर हिंदू छात्रों ने ह्यूमन चेन बनाकर विरोध जताया था
- विवाद के बीच एक छात्र समूह ने सुंदरकांड का पाठ करने की मांग की और उसकी अनुमति देने की बात कही है
लखनऊ यूनिवर्सिटी के अंदर स्थित लाल बारादरी इमारत में नमाज को लेकर बढ़ा विवाद अब तूल पकड़ता दिख रहा है. कल तक मुस्लिम छात्रों को नमाज पढ़ने से रोकने पर विश्वविद्यालय के ही हिंदू छात्र समर्थन में आ गए थे. उन्होंने एक ह्यूमन चेन बनाकर यूनिवर्सिटी प्रशासन का विरोध भा किया था. आज कैंपस के अंदर से एक और तस्वीर सामने आई है. छात्रों का एक गुट सुंदरकांड का पाठ करने की जिद करता सामने आया है और उसका कहना है कि अगर मुस्लिमों को नमाज की इजाजत दी जाती है तो हमें भी सुंदरकांड पढ़ने की परमिशन मिलनी चाहिए.
सुंदरकांड वाला कौन सा गुट आ गया?
लखनऊ विश्वविद्यालय के परिसर के अंदर स्थित लाल बारादरी इमारत में नमाज पढ़ने को लेकर बढ़े विवाद के बीच आज एक गुट यह दावा करता आ गया कि उन्हें भी सुंदरकांड पढ़ने की अनुमति मिलनी चाहिए. एनडीटीवी ने विश्विविद्यालय के अंदर मौजूद दोनों गुटों से बात की जिसमें एक गुट ने कहा कि वो भी कैंपस के अंदर एक जगह पर सुंदरकांड पढ़ते आ रहे हैं. जब हमें सुंदरकांड पढ़ने से रोका गया तब मुस्लिमों को उस लाल बारादरी इमारत के अंदर नमाज पढ़ने की इजाजत कैसे दी जा सकती है. हालांकि विश्विविद्यालय ने लाल बारादरी की इमारत को जर्जर बताकर उसके रिनोवेशवन का काम शुरू किया हुआ है. एनडीटीवी को पता चला है कि वह इमारत जर्जर है और किसी हैरिटेज बिल्डिंग के रूप में स्थित है. साथ ही वहां का कोई स्ट्रक्चर मस्जिद से मेल नहीं खा रहा है. इमारत की खिड़कियों से पेड़ों की टहनियां निकल रही हैं और वहां ऐसा कोई भी काम नहीं हो रहा है.
जब मस्जिद नहीं तो नमाज की इजाजत कैसे?
बीती रात शुरू हुए इस विवाद में अब सीधे दो गुट आमने-सामने हैं. एक जो उसी जर्जर इमारत में नमाज पढ़ने की जिद पाले बैठा है तो वहीं आज आया एक गुट सुंदरकांड पढ़ने पर अड़ा है. फिलहाल पुलिस बल तैनात है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है. एनडीटीवी ने ग्राउंड रिपोर्ट में बताया कि बीती रात मुस्लिमों को नमाज पढ़ने से रोकने पर समर्थन में आए हिंदू छात्र भी पीछे हटते दिख रहे हैं. छात्रों का यह भी सवाल है कि जब उस इमारत का कोई कोना मस्जिद सा नहीं है और वह एक इमारत बस है तो वहां नमाज की इजाजत कैसे दी जा रही है?
यह भी पढ़ें- नमाज पढ़ने से रोका तो मुस्लिमों के लिए ढाल बन गए हिंदू छात्र, लखनऊ यूनिवर्सिटी में बवाल
पहले वाला बवाल भी जान लीजिए
लखनऊ विश्वविद्यालय के अंदर लाल बारादरी इमारत में बीती रात कुछ मुस्लिम छात्रों को नमाज अदा करने से रोका गया था. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि उस इमारत में काम चल रहा है और इसलिए वहां नमाज की इजाजत नहीं दी जा सकती. इसपर विवाद बढ़ गया, छात्रों का आरोप है कि उस इमारत में नमाज अदा करने गए छात्रों को न सिर्फ रोका गया बल्कि बैरिकेडिंग लगाकर ताला जड़ दिया गया. मुसलमान छात्रों को रोकने पर वहां मौजूद हिंदू छात्र एकत्रित हो गए और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देते हुए वहां मानव चेन बना ली. इसके बाद हिंदू छात्रों ने बैरिकेडिंग गिरा दी, तब जाकर मुस्लिम छात्रों ने नमाज अदा की. इसके बाद पुलिस बल भी आ गया जिसके बाद से माहौल थोड़ा शांत हुआ.














