पत्नी की हत्या कर शव जलाया, फिर पास बैठकर पी शराब; पुलिस को बताई अपहरण की कहानी

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने शक में अपनी पत्नी की हत्या कर शव जंगल में जला दिया. आरोपी ने वारदात के बाद शव के पास बैठकर शराब पी और फिर अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Lalitpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने शक और गुस्से में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात के बाद उसने शव को जंगल में जलाया और जलते शव के पास बैठकर शराब पीता रहा. बाद में उसने पत्नी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पूरे गांव और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में उसका पूरा जुर्म सामने आ गया और आरोपी को जेल भेज दिया गया.

जंगल में अधजला शव मिलने से अफरा‑तफरी

यह खौफनाक घटना थाना मड़ावरा क्षेत्र के सौलदा गांव के जंगल की है. 2 अप्रैल की सुबह गांव के कुछ लोग महुआ बीनने जंगल गए थे. इसी दौरान उनकी नजर एक महिला के अधजले शव पर पड़ी. यह देख ग्रामीण घबरा गए और तुरंत गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी.

पति ने बाइक से ले जाकर दी दर्दनाक मौत

जांच में सामने आया कि आरती सौलदा गांव निवासी रामगोपाल शहरिया की पत्नी थी. आरोपी रामगोपाल अपनी पत्नी को उसकी ससुराल वानपुर से बाइक पर बैठाकर गांव ला रहा था. रास्ते में अंधेरा होने पर उसने सुनसान जंगल में बाइक रोकी. वहां उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की. जब पत्नी बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.

Advertisement

शव जलाकर रची अपहरण की कहानी

हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर एक सूखी नाली में डाला. जंगल से लकड़ियां इकट्ठा कीं और शव पर रखकर आग लगा दी. जब शव काफी हद तक जल गया, तो वह गांव लौट आया. इसके बाद उसने परिजनों को बताया कि उसकी पत्नी का अपहरण हो गया है, ताकि शक उससे दूर रहे.

फोन कॉल से खुला झूठ का पर्दाफाश

मृतका के बहनोई ने बताया कि घटना के बाद आरोपी रामगोपाल ने फोन पर कहा था कि आरती अपने प्रेमी के साथ भाग गई है और उसने उसकी पिटाई भी की है. इसी बयान पर शक गहराया और जब पुलिस जांच में जुटी, तो जंगल में मिले शव के साथ सारी सच्चाई सामने आ गई.

Advertisement

चार मासूम बच्चों की मां थी मृतका

आरती चार बच्चों की मां थी. उसके तीन बच्चे 4 से 7 साल की उम्र के हैं, जबकि एक बेटा करीब 10 साल का है. मृतका की मां ने बताया कि वे आरती को ससुराल भेजना नहीं चाहते थे, लेकिन आरोपी ने झगड़ा न करने का भरोसा दिलाया और उसे अपने साथ ले गया, जहां उसने यह खौफनाक वारदात अंजाम दे दी.

अवैध संबंधों के शक में की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि करीब दो साल पहले वह पत्नी के साथ इंदौर गया था, जहां पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध हो गए थे. उसने कई बार पत्नी को उस युवक से मिलते और बात करते देखा. समझाने के बावजूद जब पत्नी नहीं मानी, तो गुस्से और बेचैनी में उसने यह जघन्य अपराध कर डाला.

आरोपी को भेजा गया जेल

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी पति ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Featured Video Of The Day
गांवों को सशक्त बनाना, महिलाओं को सशक्त बनाना | M3M Foundation की नई ग्रामीण क्रांति