कानपुर से दोस्ती को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने महज कुछ गहनों के लालच में अपने ही 15 साल पुराने दोस्त की जान ले ली. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने इस हत्या की पूरी प्लानिंग फिल्मों और टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल' देखकर की. पहचान छिपाने के लिए वह बुर्का पहनकर ‘नकाबपोश महिला' बन गया, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच के आगे उसका पूरा खेल कुछ ही दिनों में खुल गया.
नवाबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या ने सभी को चौंका दिया. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उनका पुराना दोस्त और पेशे से वकील मोहित द्विवेदी निकला. पुलिस के मुताबिक, मोहित ने सोने की चेन और ब्रेसलेट के लालच में अपने दोस्त की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया.
‘क्राइम पेट्रोल' और यूट्यूब से सीखा तरीका
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के अनुसार, यह कोई अचानक किया गया अपराध नहीं था. आरोपी ने करीब 15 दिनों तक तैयारी की थी. उसने ‘क्राइम पेट्रोल' और यूट्यूब वीडियो देखकर यह सीखा कि कैसे पहचान छिपाकर हत्या की जाए और सबूतों को मिटाया जाए.
बुर्का पहनकर बना ‘नकाबपोश महिला'
घटना वाले दिन मोहित अपनी कार से एक अस्पताल की पार्किंग पहुंचा और वहां कपड़े बदलकर महिला का भेष धारण कर लिया. उसने लेडीज सूट, बुर्का, चप्पल और ग्लव्स पहनकर खुद को पूरी तरह छिपा लिया. पकड़े जाने के डर से उसने ऑटो चालकों के सामने गूंगा होने का नाटक किया और पर्ची दिखाकर सफर किया.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपी नवाबगंज पहुंचा और सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया. उसने इस अपराध को दिल का दौरा (हार्ट अटैक) दिखाने की कोशिश की. मृतक पहले से बीपी और डायबिटीज का मरीज था, इसलिए शरीर पर गंभीर निशान न छोड़ने की बात का ध्यान रखा गया. इतना ही नहीं, उसने जेब में रखे 15 हजार रुपये भी नहीं लिए ताकि मामला लूट का न लगे.
1000 CCTV कैमरों ने खोला राज
शुरुआत में यह मामला सामान्य मौत जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस को शक हुआ. इसके बाद डीसीपी सेंट्रल की टीम ने करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में एक संदिग्ध ‘नकाबपोश महिला' नजर आई, जिसकी गतिविधियां शक के घेरे में थीं.
सर्विलांस ने जोड़ी कड़ियां
पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लिया, तो उसकी लोकेशन उसी समय और जगह पर मिली, जहां-जहां वह नकाबपोश महिला नजर आई थी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वह ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस ने आरोपी मोहित द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से मृतक की सोने की चेन और ब्रेसलेट भी बरामद कर लिए गए हैं. इस खुलासे ने न सिर्फ एक हत्या का राज खोला, बल्कि यह भी दिखाया कि लालच और चालाकी के पीछे छिपा अपराध आखिरकार कानून के सामने टिक नहीं पाता.