Highway Stunt Video Viral: हाईवे पर तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच अगर कोई इस तरह का स्टंट करे, तो न सिर्फ उसकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि वहां से गुजर रहे हर राहगीर की सुरक्षा भी दांव पर लग जाती है. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आया है, जहां युवकों ने चलती कार और बाइक पर जानलेवा स्टंट कर पूरे रास्ते में अफरा-तफरी मचा दी. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र का है. स्याना रोड स्थित गांव इमलिया के पास हाईवे पर कुछ युवक चलती कार और बाइक पर खुलेआम स्टंट करते नजर आए. वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक न किसी डर में हैं और न ही उन्हें नियमों की परवाह है.
ज़िशान अली की रिपोर्ट...
चलती कार से बाहर निकलकर दिखाया दम
वायरल वीडियो में एक युवक चलती कार से बाहर निकलकर स्टंट करता दिखाई देता है. कार की रफ्तार तेज है और सड़क पर अन्य वाहन भी चल रहे हैं, इसके बावजूद युवक खिड़की और छत से बाहर निकलकर करतब दिखाता रहा. यह नजारा देखकर राह चलते लोग भी सहम गए.
बाइक पर खड़े होकर जानलेवा स्टंट
सिर्फ कार ही नहीं, बल्कि बाइक पर भी युवक खतरनाक स्टंट करते नजर आए. बाइक चलती हालत में युवक सीट पर खड़े होकर संतुलन बनाने की कोशिश करता दिखा. जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन इसकी परवाह किसी को नहीं दिखी.
राहगीरों की जान पर बन आया खतरा
इन स्टंटबाजों की वजह से हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कभी अचानक रास्ता रोकना, तो कभी तेज रफ्तार में आगे-पीछे आना, इन हरकतों से कई लोगों की जान जोखिम में पड़ गई. वीडियो में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी साफ देखी जा सकती है. न हेलमेट, न सुरक्षा और न ही कानून का डर. ऐसे स्टंट न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि समाज के लिए भी गलत संदेश देते हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस लापरवाही को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब देखना यह है कि पुलिस इस वायरल वीडियो के आधार पर क्या कदम उठाती है.














