उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में नियमों की अनदेखी कर चल रही एक फॉर्च्यूनर कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सफेद रंग की इस गाड़ी पर अवैध रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो लगाया गया है, साथ ही इसमें फ्लैशर लाइट, हूटर और सायरन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार पर नंबर प्लेट नहीं है और उसके शीशों पर काली फिल्म लगी हुई है. यह मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी के पास का बताया जा रहा है, जहां यह घटना चर्चा का विषय बन गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी सोसाइटी में एक अधिकारी का बेटा रहता है, जो अक्सर इस तरह की गाड़ी का इस्तेमाल करता है. रेजिडेंट्स ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत स्थानीय चौकी और सूरजपुर थाने में दी, लेकिन पहले कोई कार्रवाई नहीं हुई. यहां तक कि हाल ही में पुलिस की पीसीआर मौके पर पहुंची थी, मगर बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई.
हालांकि, वीडियो वायरल होने और मामला सामने आने के बाद अब ग्रेटर नोएडा पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस का कहना है कि मामले का संज्ञान ले लिया गया है, संबंधित वाहन और चालक की पहचान कर ली गई है और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ अवैध रूप से पुलिस लोगो के इस्तेमाल को लेकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें : जबरन धर्मांतरण और धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाया... नासिक TCS केस में पुलिस की चार्जशीट में बड़े खुलासे














