- PM मोदी अगले महीने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, यह भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा
- UP सरकार ने एआई सैट्स के साथ समझौता किया, जो जेवर एयरपोर्ट पर कार्गो कैंपस और एयर कैटरिंग किचेन बनाएगी
- एआई सैट्स 4458 करोड़ रुपये निवेश करेगी, जिससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे
Jewar Airport: जेवर में बन रहे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी बड़ी गुडन्यूज सामने आई है. इस एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान कर दिया है. योगी आदित्यनाथ के ऐलान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस बात की घोषणा सिंगापुर दौरे के दौरान की. सिंगापुर में प्रवासी भारतीयों से बातचीत के दौरान सीएम योगी ने इस बात का ऐलान किया. उन्होंने इसे भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और यात्रियों और कार्गो के लिए एक बड़ा एविएशन हब बताया.
योगी के सिंगापुर दौरे से जेवर एयरपोर्ट के लिए बड़ा निवेश प्रस्ताव मंजूर
इसके साथ-साथ सीएम योगी के सिंगापुर दौरे से जेवर एयरपोर्ट के लिए एक बड़े निवेश प्रस्ताव को मंजूरी भी मिली. सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी एआई सैट्स (AISATS) के साथ एक महत्वपूर्ण MoU साइन किया है. इस समझौते के तहत कंपनी गौतमबुद्ध नगर स्थित जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो प्रमुख प्रोजेक्ट स्थापित करेगी.
इसमें एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और दूसरा विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन. इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर एआई सैट्स 4458 करोड़ रुपये निवेश करेगी. इन दोनों प्रोजेक्ट से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तरीके से रोजगार मिलेगा.
जेवर एयरपोर्ट बनेगा नॉर्थ इंडिया का कार्गो हब
MoU के अनुसार, एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस का निर्माण करेगी. यह कार्गो कैंपस न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा. इस परियोजना से निर्यात-आयात गतिविधियों को गति मिलेगी, विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, कृषि उत्पाद जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ होगा.
जेवर एयरपोर्ट पर बनेगी अत्याधुनिक एयर कैटरिंग किचेन
MoU के दूसरे प्रमुख निवेश के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही एक अत्याधुनिक विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन की स्थापना की जाएगी. यह किचेन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराएगा. विशेष बात यह है कि यहां तैयार किया गया भोजन केवल जेवर एयरपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी सप्लाई पूरे उत्तर भारत के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर भी की जाएगी. इससे क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा हजारों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे.
योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर की घोषणा
एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी एआई सैट्स के साथ हुए MoU के बारे में योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज सिंगापुर में SATS के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केरी मोक के साथ सार्थक चर्चा हुई. उनकी उपस्थिति में SATS लिमिटेड ने जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डे में वर्ल्ड क्लास कार्गो कॉम्प्लेक्स के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.
इसके साथ ही, ताज SATS एयर कैटरिंग किचन की स्थापना भी की जाएगी, जो जेवर और उत्तर भारत के अन्य हवाई अड्डों को अपनी सेवाएं प्रदान करेगी. यह साझेदारी व्यापार को बढ़ावा देगी, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करेगी और रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा करेगी, जिससे उत्तर प्रदेश की एक प्रमुख विमानन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थिति और मजबूत होगी.
सिंगापुर दौरे का रणनीतिक महत्व
मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे का उद्देश्य वैश्विक निवेशकों को उत्तर प्रदेश की संभावनाओं से जोड़ना है. दूसरे दिन हुए इस MoU को राज्य के एविएशन, लॉजिस्टिक्स और सर्विस सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. जेवर एयरपोर्ट के चालू होने के साथ ही यह कार्गो कैंपस और एयर कैटरिंग सुविधा उत्तर भारत के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा देंगे और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में स्थापित करेंगे.
यह भी पढ़ें - एक लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव, 60 हजार करोड़ के MoU, CM योगी के सिंगापुर दौरे से क्या कुछ मिला?













