एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने सोते हुए परिवार पर डाला तेजाब, शादीशुदा से करना चाहता था लव मैर‍िज

उत्तर प्रदेश के बरेली (शेरगढ़) में एकतरफा प्यार और शादी से इनकार करने पर बौखलाए सनकी युवक उमेश कश्यप ने घर में घुसकर सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों (महिला, उसके पति और दो बच्चों) पर तेजाब फेंक दिया. चारों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शेरगढ़ कस्बे में एक युवक ने परिवार पर सोते समय तेजाब फेंक कर हमला किया
  • इस हमले में एक महिला, उसका पति और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
  • पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी युवक उमेश कश्यप उससे एकतरफा प्यार करता था और लगातार उसे परेशान करता था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शेरगढ़ कस्बे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने एक परिवार पर सोते समय तेजाब फेंक दिया. इस भयावह हमले में एक महिला, उसका पति और उनके दो छोटे बच्चे बुरी तरह झुलस गए. सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है.

पर‍िवार के चार सदस्‍य झुलसे  

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार गर्मी की वजह से घर के बरामदे में चारपाई डालकर सो रहा था. रात में मच्छरों से बचाव के लिए उन्होंने मच्छरदानी लगाई हुई थी. इसी दौरान तड़के सुबह आरोपी युवक छत के रास्ते घर के भीतर घुस आया और उसने मच्छरदानी के ऊपर तेजाब फेंक दिया. तेजाब गिरते ही मच्छरदानी जल गई और उसके अंदर सो रहे चारों लोग उसकी चपेट में आ गए.

हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

मह‍िला को परेशान करता था युवक 

अस्पताल में भर्ती घायल महिला ने बताया कि आरोपी युवक उससे एकतरफा प्यार करता था और उसका नाम उमेश है. महिला का कहना है कि वह उसे ज्यादा नहीं जानती थी, लेकिन वह युवक लगातार उसे परेशान करता रहता था. जब महिला ने उससे पूरी तरह बातचीत बंद कर दी, तो वह इस बात से नाराज रहने लगा था.

Advertisement

पीड़ित परिवार के चाचा ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उमेश कश्यप नाम का यह युवक काफी समय से महिला को प्रताड़ित कर रहा था. परिवार ने भी महिला को उससे दूरी बनाने की सलाह दी थी. इसी विवाद की वजह से महिला कुछ समय के लिए अपने मायके चली गई थी. वह करीब ढाई महीने बाद, अभी एक हफ्ते पहले ही वापस अपनी ससुराल लौटी थी. परिजनों का आरोप है कि बातचीत बंद होने और दूरी बढ़ने से आरोपी पूरी तरह बौखला गया था और इसी गुस्से में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद से मोहल्ले के लोग भी काफी डरे हुए हैं.

मह‍िला ने क‍िया शादी से इनकार

घटना की सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की है. पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी उमेश कश्यप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है.

Advertisement

पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सीओ अजय कुमार ने बताया कि उमेश नाम के युवक का महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. उमेश उससे शादी करना चाहता था, लेकिन महिला के शादीशुदा होने के कारण उसने शादी से इनकार कर दिया था. इसी बात से नाराज होकर युवक ने परिवार के चार लोगों पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया. पुलिस ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Featured Video Of The Day
HC Verdict On Bhojshala: फैसले के बाद भोजशाला के 'गर्भगृह' से सबसे बड़ी रिपोर्ट! अब कैसे हैं हालता?
Topics mentioned in this article