International Women's Day 2026: हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को मनाया जाता है. इस दिन का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को सम्मान देना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है. साल 2026 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम 'अधिकार, न्याय, कार्रवाई, सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए' रखी गई है. इसका मकसद महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों की रक्षा करना और समाज में मौजूद भेदभाव व असमानता को खत्म करना है. भारत में भी महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से कई योजनाएं और पहल शुरू की गई हैं.
ऑपरेशन ‘मेरी सहेली'
महिलाओं की सुरक्षा के लिए भारतीय रेलवे ने साल 2020 में ऑपरेशन ‘मेरी सहेली की शुरुआत की थी. इस पहल के तहत रेलवे में महिला यात्रियों, खासकर अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला आरपीएफ कर्मियों की विशेष टीमें बनाई गईं. फिलहाल, पूरे देश में लगभग 250 ‘मेरी सहेली' टीमें तैनात हैं, जो ट्रेन में महिलाओं से बातचीत करती हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं.
महिलाओं के लिए खास कैब और ऑटो
कई शहरों में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला ड्राइवर द्वारा चलाए जाने वाले कैब और ऑटो भी शुरू किए गए हैं. Uber जैसी राइड-हेलिंग कंपनियों ने 'महिला राइडर को प्राथमिकता दी जाएगी' फीचर भी शुरू किया है, जिससे महिला यात्री महिला ड्राइवर को प्राथमिकता दे सकती हैं.
‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' योजना
हाल ही में दिल्ली सरकार ने सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना (Saheli Pink Smart Card Scheme) शुरू की है. इस योजना के तहत महिलाओं को दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. इस कार्ड की खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल दिल्ली मेट्रो और Regional Rapid Transit System में भी किया जा सकेगा.
महिलाओं के लिए अलग रेल और मेट्रो कोच
महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई शहरों में महिलाओं के लिए अलग कोच भी बनाए गए हैं. दिल्ली मेट्रो में पहला कोच सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित होता है, वहीं मुंबई उपनगरीय रेलवे में भी महिलाओं के लिए अलग डिब्बे होते हैं, जिससे वे भीड़भाड़ के समय आराम से यात्रा कर सकें.
‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना
साल 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना' की शुरुआत की थी. इस योजना का उद्देश्य लड़कियों के प्रति भेदभाव खत्म करना और उनके शिक्षा व अधिकारों को बढ़ावा देना है. इसके तहत 'सुकन्या समृद्धि योजना' भी चलाई जाती है, जिसमें माता-पिता अपनी बेटी के नाम बैंक खाता खोल सकते हैं.
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहायता दी जाती है. इस योजना में महिलाओं को 5,000 रुपये की राशि तीन किस्तों में दी जाती है, ताकि उन्हें गर्भावस्था के दौरान आर्थिक मदद मिल सके.
किशोरी शक्ति योजना
किशोरी शक्ति योजना का उद्देश्य 11 से 18 साल की लड़कियों के स्वास्थ्य, पोषण और कौशल विकास को बेहतर बनाना है. इस योजना के जरिए किशोरियों को जीवन कौशल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी दी जाती है. इन सभी पहलों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है.
यह भी पढ़ें: Women's Day 2026: महिलाओं के लिए YES Bank का खास सैलरी अकाउंट! फ्री लॉकर, 5 लाख हेल्थ कवर और कैशबैक का फायदा
Women's Day 2026: हर महिला के मोबाइल में जरूर होने चाहिए ये 3 सेफ्टी ऐप, मुसीबत में तुरंत मिलेगी मदद














