What is DIGIPin: अक्सर ऐसा होता है कि जब हमारे घर कोई डिलीवरी बॉय, कैब ड्राइवर या मेहमान आता है, तो सही लोकेशन समझाना मुश्किल हो जाता है. गली, मोड़ और पास की पहचान बताने में काफी समय लग जाता है, फिर भी सामने वाले को कन्फ्यूजन बना रहता है. यही परेशानी बाहर कहीं जाते समय भी होती है, जब किसी को अपनी सटीक लोकेशन भेजनी हो. अब इस समस्या का आसान समाधान है DIGIPin. DIGIPin की मदद से आप अपनी बिल्कुल सटीक जगह कुछ अक्षरों और अंकों के कोड में शेयर कर सकते हैं. इससे समय की बचत तो होती ही है, साथ में डिलीवरी, टैक्सी और आपात स्थिति में मदद करना आसान और तेज हो जाता है. आइए जानते हैं डिजिपिन क्या है और इसका इस्तेमाल करने के क्या फायदे हैं. साथ ही हम अपनी डिजिपिन कैसे पता कर सकते हैं...
क्या है डिजिपिन?
DIGIPIN का मतलब है डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर. यह एक ओपन‑सोर्स और आपस में जुड़ा हुआ डिजिटल एड्रेस सिस्टम है, जिसे डाक विभाग ने IIT हैदराबाद और ISRO के NRSC के साथ मिलकर बनाया है. यह भी कहा जा सकता है कि DIGIPIN किसी भी जगह को पहचानने का एक डिजिटल कोड है. यह पूरे इलाके या कॉलोनी की बजाय नक्शे पर एक बहुत ही छोटी और सटीक जगह को दिखाता है.
क्या हैं डिजिपिन के फायदे?
- ज्यादा सटीकता: डिजिपिन Latitude और Longitude के आधार पर बिल्कुल सही लोकेशन बताता है, जबकि 6 अंकों वाला पिन कोड सिर्फ बड़े इलाके को ही दर्शाता है.
- अल्फान्यूमेरिक कोड: DIGIPIN एक 10 अक्षरों और अंकों वाला कोड होता है. इसका क्रम रैंडम होता है, जिससे हर लोकेशन का कोड अलग और यूनिक रहता है.
- GIS आधारित: यह जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम (GIS) तकनीक पर काम करता है, जिससे मैप पर जगह की पहचान और भी सटीक हो जाती है.
कैसे पता करें अपना डिजिपिन?
- डिजिपिन पाने के लिए इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट https://dac.indiapost.gov.in/mydigipin/home पर विजिट करें.
- पोर्टल पर आपसे आपकी लोकेशन मांगी जाएगी.
- जैसे ही आप पोर्टल को अपनी लोकेशन का एक्सेस देंगे, स्क्रीन पर 10 डिजिट का डिजिपिन दिख जाएगा.
- आप इस 10 डिजिट की डिजिपिन को शेयर कर सकते हैं. इसके साथ ही आपको इसके लिए QR कोड का भी ऑप्शन मिलेगा.
कैसे करें डिजिपिन का इस्तेमाल?
जैसे ही आप अपनी डिजिपिन किसी को शेयर करेंगे, उस पर क्लिक करते ही सामने वाले को Open With Google Maps और Open With Mappls Maps का ऑप्शन दिखेगा. इनमें से किसी पर भी क्लिक करते ही आपकी सटीक लोकेशन पहुंच जाएगी.














