West Bengal CM Oath Ceremony Traffic Advisory: आज पश्चिम बंगाल को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. पश्चिम बंगाल में आज बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है. शुभेंदु अधिकारी सीएम पद की शपथ लेंगे. इस कार्यक्रम का आयोजन कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में किया जा रहा है. शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, 21 राज्यों में मुख्यमंत्री, बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों के डिप्टी सीएम, बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य समेत सभी प्रमुख नेता, रवींद्रनाथ टैगोर के परिवार के सदस्यों समेत विदेशी मेहमान भी शामिल होंगे. इसके चलते कोलकाता ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है और लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: Delhi Lok Adalat: पेंडिंग चालानों का कर लें निपटारा, दिल्ली में आज लगेगी लोक अदालत, यहां जानें जरूरी डिटेल्स
रात 8 बजे तक ट्रैफिक नियम लागू
कोलकाता पुलिस के आधिकारिक X पोस्ट के मुताबिक 9 मई को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैफिक नियम लागू रहेंगे. इस दौरान शहर में मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. हालांकि एलपीजी, सीएनजी और जरूरी मेडिकल सामान ले जाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी. इसके अलावा दिन की स्थिति के अनुसार शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा. इनमें एस्प्लेनेड रैंप, किडरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कसीउरिना एवेन्यू और क्वींसवे शामिल हैं.
इन जगहों पर नहीं होगी पार्किंग की अनुमति
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के आसपास वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी. इसमें हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से कैथेड्रल रोड तक एजेसी बोस रोड का हिस्सा भी शामिल है. इसके अलावा खिद्दरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, क्वींसवे, कैथेड्रल रोड, कसीउरिना एवेन्यू और लवर्स लेन पर भी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. साथ ही विशिष्ट अतिथि के आने‑जाने के मार्ग पर स्थिति के अनुसार वाहनों, ठेलों और ट्राम सेवाओं की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी, डायवर्ट की जा सकती है. वहीं, जरूरत पड़ने पर मुख्य और सहायक सड़कों से ट्रैफिक को डायवर्ट भी किया जा सकता है.
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
कोलकाता ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, लोग को दिनभर ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन को पूरा सहयोग देने की सलाह दी गई है. इसके अलावा नो‑पार्किंग जोन में खड़े पाए गए वाहनों को हटाया जा सकता है, ताकि आपातकालीन सेवाओं और आधिकारिक काफिलों की आवाजाही में कोई रुकावट न हो.














