अगर आप कर्नाटक से प्रयागराज दर्शन के लिए जाना चाहते हैं, लेकिन हर बार कंफर्म ट्रेन टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं, तो अब राहत की खबर है. बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने एक खास पहल की है. प्रयागराज और एसएसएस हुबली के बीच काचीगुड़ा रूट से स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन शुरू की जा रही है, जो जुलाई तक चलेगी. इससे श्रद्धालुओं को सफर करने में काफी सहूलियत मिलेगी और टिकट की परेशानी भी कम होगी.
स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल और समय
प्रयागराज से एसएसएस हुबली जाने वाली स्पेशल ट्रेन 6 जून से 11 जुलाई 2026 तक हर शनिवार चलेगी. इस दौरान यात्रियों के लिए कुल 6 सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. वहीं, वापसी के लिए एसएसएस हुबली से प्रयागराज आने वाली स्पेशल ट्रेन 9 जून से 14 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार चलाई जाएगी. इस ट्रेन की भी कुल 6 सेवाएं होंगी. इस व्यवस्था से यात्रियों को तय दिनों पर आसानी से सफर करने का मौका मिलेगा.
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, बीना, भोपाल, नागपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, काजीपेट, काचीगुड़ा, महबूबनगर, गडवाल, कुरनूल सिटी, धोने, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर, येलहंका, तुमकुरु, अरसीकेरे, दावणगेरे और हावेरी जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों पर रुकने से रास्ते में आने वाले यात्रियों को भी सफर करने में सुविधा मिलेगी.
स्पेशल ट्रेन में कोच की व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में अलग-अलग तरह के कोच लगाए जाएंगे. इसमें AC थ्री टियर (3AC), स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास कोच शामिल होंगे. इससे हर वर्ग के यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से यात्रा करने का विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली टैलेंट हंट में भाग लें और जीतें लाखों का इनाम, फ्री रजिस्ट्रेशन, जानिए कैसे और कहां करें आवेदन