UPI in Cambodia: अगर आप आने वाले दिनों में कंबोडिया घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब भारतीय टूरिस्ट्स कंबोडिया में भी UPI से पेमेंट कर सकेंगे. यानी पास में ज्यादा कैश रखने या विदेशी कार्ड पर डिपेंड रहने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी. भारत का पॉपुलर डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI अब कंबोडिया तक पहुंच गया है, जिससे भारतीयों को विदेश में भी वही आसान पेमेंट एक्सपीरिएंस मिलेगा जो उन्हें अपने देश में मिलता है.
किसने मिलकर शुरू की ये सुविधा
इस पहल को भारत की NIPL (NPCI Overseas Payments Limited) और कंबोडिया के ACLEDA Bank Plc ने मिलकर शुरू किया है. दोनों संस्थाओं ने कंबोडिया के KHQR सिस्टम को भारत के UPI नेटवर्क से जोड़ा है, जिससे दोनों देशों के बीच डिजिटल पेमेंट आसान हो सके.
कैसे काम करेगा नया सिस्टम
कंबोडिया के दुकानदारों और व्यापारियों के पास लगे KHQR कोड को भारतीय अपने UPI ऐप से स्कैन कर पेमेंट कर सकेंगे. पेमेंट करने का तरीका बिल्कुल भारत जैसा ही होगा. सबसे पहले QR कोड स्कैन करना होगा, फिर जितना अमाउंट पे करना है उसे डालना होगा. इसके बाद UPI पिन डालकर पेमेंट कर देना है. यानी विदेश में भी पेमेंट का बिल्कुल घरेलू UPI ट्रांजैक्शन जैसा रहेगा.
लाखों दुकानों पर मिलेगी सुविधा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद भारतीय पर्यटक कंबोडिया में 40 लाख से ज्यादा रिटेल लोकेशनों पर UPI से भुगतान कर सकेंगे. इसका फायदा खासतौर पर कुछ जगहों पर घूमने वाले लोगों को मिलेगा. इनमें नोम पेन्ह (Phnom Penh), सिएम रीप (Siem Reap) और Sihanoukville जैसी जगहें शामिल हैं. इन फेमस टूरिस्ट प्लेस पर होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, शॉपिंग स्टोर और कई अन्य बिजनेस UPI पेमेंट एक्सेप्ट कर सकेंगे.
भारतीयों के लिए कितना आसान हो जाएगा घूमना
विदेश यात्रा के दौरान सबसे बड़ी परेशानी पेमेंट को लेकर होती है. कई बार विदेशी कार्ड काम नहीं करते हैं, ट्रांजैक्शन फीस ज्यादा लगती है या फिर करेंसी एक्सचेंज में एक्स्ट्रा खर्च करना पड़ता है. UPI की इस सुविधा से कई समस्याएं कम हो सकती हैं. इससे कई फायदे लोगों को मिलेंगे.
भारतीयों को क्या फायदा होगा
- ज्यादा कैश रखने की जरूरत नहीं
- विदेशी कार्ड पर निर्भरता घटेगी
- तुरंत पेमेंट कन्फर्मेशन मिलेगा
- बैंक अकाउंट से डायरेक्ट पेमेंट होगा
- करेंसी एक्सचेंज की कुछ परेशानियां कम होंगी
- छोटे-बड़े दोनों तरह के पेमेंट आसानी से हो सकेंगे