UP Final Voters List 2026: यूपी में हुई एसआईआर की प्रक्रिया की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है. यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि 27 अक्टूबर को एसआईआर कराने की घोषणा हुई और 4 नवंबर से ये प्रक्रिया शुरू हुई. 26 दिसंबर को गणना चरण समाप्त हुआ था. 6 जनवरी से दो महीने दावे और आपत्तियों के लिए था. लगभग 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था. आज अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. चलिए आपको बताते हैं लिस्ट में जिन मतदाताओं का नाम शामिल नहीं या फिर कट गया, इसे कैसे चेक करें और अपना नाम फिर मतदाता सूची में कैसे शामिल करें.
चुनाव आयोग द्वारा जारी फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 13,39,84,792 मतदाता हैं. इससे पहले जब 27 अक्टूबर 2025 को SIR शुरू हुआ था, तब उत्तर प्रदेश में 15.44 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे. इस दौरान घर‑घर जाकर सत्यापन किया गया. मतदाताओं को फॉर्म दिए गए, 12.55 करोड़ फॉर्म (81%) वापस मिले, 18.7% फॉर्म वापस नहीं आए, इसी कारण 2.89 करोड़ नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटा दिए गए. इसके बाद अब अंतिम लिस्ट में 13 करोड़ से ज्यादा लोगों को नाम शामिल है. वहीं, साल 2024 के मुकाबले यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट से 2.06 करोड़ मतदाताओं के नाम कट गए हैं.
SIR वोटर लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करें
- चुनाव आयोग की Voter Service Portal या Electoral Search वेबसाइट खोलें.
- होम पेज पर “Special Intensive Revision (SIR)‑2026” सेक्शन देखें.
- “Search your name by EPIC number in draft electoral roll SIR‑2026” पर क्लिक करें
- अपना EPIC नंबर डालें
- कैप्चा भरकर Search पर क्लिक करें
- अगर नाम होगा तो जिला, विधानसभा और पोलिंग स्टेशन की जानकारी दिखेगी
- अगर “No result found” आए, तो नाम लिस्ट में नहीं है
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि 6 जनवरी को जारी लिस्ट में 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा थी. आज अंतिम मतदाता सूची में 13,39,84,792 मतदाता हैं. इसमें पुरुष 7,30,71,061 और महिला 6,09,09,525 मतदाता हैं. अगर, अब भी किसी पात्र मतदाता का नाम अभी भी शामिल नहीं है, तो वो फॉर्म 6 भरकर अपना नाम शामिल करा सकते हैं. इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है. मतदाता अपना नाम voters.eci.gov.in या ceouttarpradesh.nic.in पर चेक कर सकते हैं. आवेदन भी इसी पोर्टल के माध्यम से मोबाइल नंबर का उपयोग करके किया जा सकता है.














