Taj Mahal Free Entry: अगर आप भी ताज का दीदार करना चाहते हैं, तो आपके लिए बेहतरीन मौका आया है. गुरुवार, 28 मई को दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को देखने के लिए जेब से एक भी रुपया नहीं खर्च करना होगा. सरकार की तरफ से बकरीद के दिन ताजमहल में बिल्कुल फ्री एंट्री का ऐलान किया गया है. हालांकि, यह छूट पूरे दिन के लिए नहीं है. इसके लिए एक टाइम फिक्स किया गया है. अगर आप भी बिना टिकट लिए ताजमहल देखना चाहते हैं, तो जाने से पहले समय और नियम जरूर जान लें, ताकि वहां जाकर आपको कोई परेशानी न हो.
ताजमहल में फ्री एंट्री कब से कब तक होगी
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के आदेश के मुताबिक, 28 मई 2026 को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर ताजमहल में मुफ्त एंट्री कर सकेंगे. यह सुविधा सिर्फ सुबह के लिए मिलेगी. फ्री एंट्री का समय सुबह 07:00 बजे से लेकर सुबह 10:00 बजे तक है. यानी ये तीन घंटे आप बिल्कुल फ्री ताजमहल की खूबसूरती में समय बिता सकेंगे. कोई भी टूरिस्ट और लोकल लोग इसका फायदा उठा सकते हैं.
Photo Credit: Photo Credit: ARCHAEOLOGICAL SURVEY OF INDIA/ official website
मुख्य मकबरे में नहीं रहेगी फ्री एंट्री
ध्यान रखने वाली बात है कि फ्री एंट्री के दौरान अगर आप मुख्य मकबरे (Main Mausoleum) के अंदर ऊपर तक जाना चाहते हैं, तो वहां का 200 रुपए का एक्स्ट्रा टिकट आपको पहले की तरह ही लेना होगा. उसमें किसी तरह की कोई छूट नहीं है.
सुबह 10 बजे के बाद क्या होगा
गुरुवार को सुबह 10:00 बजे के बाद फ्री एंट्री बंद हो जाएगी. इसके बाद टिकट काउंटर फिर से खुल जाएंगे और सामान्य दिनों की तरह टिकट मिलना शुरू हो जाएगा. फिर आपको ताजमहल में जाने के लिए नॉर्मल चार्ज देना पड़ेगा.
ताजमहल में टिकट का पैसा कितना है
अगर आप भारतीय नागरिक हैं और आम दिनों में ताजमहल देखने आते हैं, तो 50 रुपए का एंट्री टिकट लेना पड़ता है. विदेशी टूरिस्ट्स का टिकट 1100 रुपए का होता है. हालांकि, अगर गुरुवार को सुबह फ्री एंट्री के टाइम ये भी ताजमहल पहुंचते हैं, तो टिकट नहीं लगेगा.
ताजमहल के गेट पर क्या व्यवस्था रहेगी
सुबह के वक्त एंट्री फ्री है, इसलिए पूर्वी और पश्चिमी दोनों गेट के टिकट काउंटर सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगे. आपको सीधे एंट्री मिलेगी.जो लोग बकरीद की नमाज अदा करने आ रहे हैं, उन्हें सीधे ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद तक जाने की इजाजत होगी. आम और विदेशी पर्यटक इन 3 घंटों में पूरे परिसर का दीदार मुफ्त में कर सकेंगे. बकरीद और फ्री एंट्री होने से ताजमहल में बहुत भीड़ हो सकती है. इसके साथ ही इस समय तेज गर्मी और धूप पड़ रही है. इसलिए प्रशासन ने पर्यटकों के लिए कुछ जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं.
भीषण गर्मी और भारी भीड़ में जाने से पहले 4 बातों का रखें ख्याल
1. धूप और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अपने साथ पानी की बोतल जरूर ले जाएं. एंट्री गेट पर भी सुरक्षाकर्मी पानी साथ रखने की सलाह दे रहे हैं.
2. सुबह भले ही धूप कम हो, लेकिन लौटते वक्त गर्मी बढ़ सकती है, इसलिए छाता, सनग्लासेस (चश्मा) और कैप (टोपी) साथ रखना न भूलें.
3. सिर्फ 3 घंटे (7 से 10 बजे) ही फ्री एंट्री है और भीड़ ज्यादा होगी, इसलिए कोशिश करें कि सुबह 6:30 बजे तक ही लाइन में लग जाएं.
4. भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे, इसलिए चेकिंग के समय सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें.
यह भी पढ़ें: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रेलवे ने दी मंजूरी, जानिए किस रूट पर दौड़ेगी ये खास ट्रेन














