Train Ticket Prediction App: आजकल ट्रेन में सफर करना जितना आसान है, टिकट बुक करना उतना ही बड़ा सिरदर्द बन चुका है. भारतीय रेलवे से सफर करने वाले पैसेंजर्स की संख्या इतनी तेजी से बढ़ी है कि रेगुलर ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना लॉटरी लगने जैसा हो गया है. कुछ रूट तो ऐसे हैं, जहां बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सारी सीटें फुल हो जाती हैं. ऐसे में आम यात्रियों के पास वेटिंग टिकट लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता है. इसके बाद शुरू होता है टिकट कंफर्म होने का इंतजार, जो टेंशन तक दे देता है. कई बार तो लास्ट मोमेंट तक टिकट कंफर्म नहीं होती और पूरा प्लान चौपट हो जाता है. लेकिन अब यात्रियों को इस टेंशन से बचाने के लिए रेल मंत्रालय एक कमाल का ऐप लेकर आया है, जो पहले ही बता देगा कि आपकी टिकट कंफर्म होगी या नहीं. आइए जानते हैं इस ऐप का नाम और क्या है तरीका.
वेटिंग टिकट का झंझट खत्म, अब ये ऐप बताएगा स्टेटस
हम रेलवन (RailOne) मोबाइल ऐप की बात कर रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड प्रेडिक्शन फीचर है. जब आप इस ऐप पर कोई वेटिंग टिकट बुक करने जाएंगे, तो यह आपको पहले ही बता देगा कि उस टिकट कंफर्म होने के कितने चांस है. आपको जानकर हैरानी होगी कि पहले जहां इस तरह के अनुमान सिर्फ 53% तक ही सही होते थे, वहीं इस साल की शुरुआत में आए नए अपडेट के बाद इसकी एक्यूरेसी बढ़कर पूरे 94% तक पहुंच गई है.
इस ऐप से टाइम और पैसा दोनों की होगी बचत
टिकट बुक करने से पहले ही आपको संकेत मिल जाएंगे कि आपको उस ट्रेन में सीट मिलेगी या आपको किसी दूसरी ट्रेन का ऑप्शन देखना चाहिए. इससे आपका समय और पैसा दोनों बर्बाद होने से बच जाएगा. सिर्फ वेटिंग टिकट का अंदाजा लगाना ही नहीं, बल्कि रेलवन ऐप यात्रियों के लिए ऑल-इन-वन टूल है. पहले जहां आपको रिजर्वेशन के लिए अलग ऐप और जनरल यानी अनरिजर्व्ड टिकट के लिए किसी दूसरे ऐप का इस्तेमाल करना पड़ता था, वहीं अब इस एक ऐप से सारे काम चुटकियों में हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें:- Google Storage Policy: अब नए अकाउंट पर मिलेगा सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज, जानिए कैसे पाएं 15GB
जनरल टिकट पर 3% की छूट और प्लेटफॉर्म टिकट भी ले सकते हैंइस ऐप से आप घर बैठे-बैठे ही जनरल क्लास की टिकट बुक कर सकते हैं. इतना ही नहीं प्लेटफॉर्म टिकट भी इसी ऐप से ऑनलाइन खरीदा जा सकता है. सबसे मजेदार बात यह है कि अगर आप इस ऐप के जरिए जनरल टिकट बुक करते हैं, तो आपको किराये पर 3% की सीधी छूट भी मिल रही है. मिडिल क्लास फैमिली के लिए यह राहत से कम नहीं है. इससे आपको जनरल टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट के लिए स्टेशन पर जाकर लंबी लाइनों में लगने की कोई जरूरत नहीं होगी.
इन सब बेहतरीन सुविधाओं के अलावा, यह ऐप आपके सफर को और भी आसान बनाता है. आप स्टेशन पर खड़े होकर या घर बैठे ही अपनी ट्रेन की लाइव लोकेशन बहुत आसानी से ट्रैक कर सकते हैं कि ट्रेन कहां पहुंची है और कितनी लेट है. सफर के दौरान अगर आपको कोई असुविधा होती है या कोई शिकायत है, तो आपको कहीं भटकने की जरूरत नहीं है. आप इसी ऐप से सीधे रेल मदद हेल्पलाइन पर अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं.














