PNG कनेक्शन लेना चाहते हैं? पहले ऐसे चेक करें आपके इलाके में सुविधा है या नहीं

भारत के अलग-अलग शहरों में कई कंपनियां पाइप्ड गैस सेवा देती हैं, जैसे दिल्ली-एनसीआर में Indraprastha Gas Limited, मुंबई में Mahanagar Gas Limited और गुजरात में Gujarat Gas Limited.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
PNG कनेक्शन लेना चाहते हैं? पहले ऐसे चेक करें आपके इलाके में सुविधा है या नही

PNG connection availability: मिडिल ईस्ट में जारी तेल संकट का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है.ऐसे में जिन इलाकों में पाइपलाइन गैस की सुविधा मौजूद है, वहां कई लोग PNG कनेक्शन लेने के बारे में सोच रहे हैं. पाइपलाइन गैस का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें सिलेंडर की जरूरत नहीं पड़ती और घर में लगातार गैस की सप्लाई मिलती रहती है.

PNG और LPG में क्या होता है अंतर

रसोई गैस के लिए आमतौर पर लोग एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं. इसमें गैस सिलेंडर में भरकर घर तक पहुंचाई जाती है और खत्म होने पर दोबारा बुकिंग करनी पड़ती है. इसके विपरीत PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन के जरिए सीधे घर के किचन तक पहुंचाई जाती है. इसमें सिलेंडर रखने की जरूरत नहीं होती और गैस लगातार मिलती रहती है. इससे घर में जगह भी बचती है और सिलेंडर खत्म होने की चिंता भी नहीं रहती.

PNG के प्रमुख फायदे

पाइप्ड गैस कनेक्शन लेने के कई फायदे होते हैं.
- सिलेंडर बुक कराने की जरूरत नहीं पड़ती
- गैस की सप्लाई 24 घंटे उपलब्ध रहती है
- किचन में सिलेंडर रखने की झंझट खत्म हो जाती है
- बिल केवल इस्तेमाल के अनुसार आता है

इसी वजह से कई शहरों में लोग धीरे-धीरे PNG कनेक्शन की तरफ बढ़ रहे हैं.

नया कनेक्शन मिलने में कितना समय लगता है

अगर आपके इलाके में पहले से पाइपलाइन मौजूद है तो नया कनेक्शन लेने की प्रक्रिया ज्यादा लंबी नहीं होती. सबसे पहले आवेदन किया जाता है और इसके बाद गैस कंपनी की टीम घर का सर्वे करती है. इस दौरान यह देखा जाता है कि पाइपलाइन को आपके घर तक पहुंचाना तकनीकी रूप से संभव है या नहीं. अगर सब कुछ ठीक रहता है तो इंस्टॉलेशन का काम शुरू हो जाता है. आमतौर पर 2 से 4 हफ्तों में प्रक्रिया आगे बढ़ जाती है और लगभग 3 महीने के भीतर कनेक्शन मिल सकता है.

Advertisement

ऐसे चेक करें आपके इलाके में PNG सुविधा है या नहीं

अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपके शहर या मोहल्ले में पाइप्ड गैस की सुविधा उपलब्ध है या नहीं, तो इसके लिए कुछ आसान तरीके हैं.
- सबसे पहले अपने शहर की गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- वहां अपना राज्य, शहर और पिनकोड दर्ज करें
- अगर आपका इलाका उपलब्ध दिखे तो आप आवेदन कर सकते हैं
- जानकारी न मिलने पर कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके भी पूछ सकते हैं

भारत के अलग-अलग शहरों में कई कंपनियां पाइप्ड गैस सेवा देती हैं, जैसे दिल्ली-एनसीआर में Indraprastha Gas Limited, मुंबई में Mahanagar Gas Limited और गुजरात में Gujarat Gas Limited. इन कंपनियों की वेबसाइट या हेल्पलाइन के जरिए आप अपने इलाके में PNG कनेक्शन की जानकारी ले सकते हैं.

Advertisement


 

Featured Video Of The Day
Iran Statement On Strait Of Hormuz: दुश्मन छोड़ सबके लिए रास्ता खुला! Middle East War Update