PM Surya Ghar Yojana: देश में बिजली के बढ़ते खर्च के बीच PM सूर्य घर योजना लाखों परिवारों के लिए राहत लेकर आई है. इस योजना के तहत अब तक 40 लाख से ज्यादा परिवार रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. सरकार का दावा है कि हर 8 दिन में करीब 1 लाख नए लोग इस योजना से जुड़ रहे हैं. अगर आप भी हर महीने आने वाले भारी बिजली बिल से परेशान हैं, तो ये योजना आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. इसकी मदद से घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल कम किया जा सकता है और सरकारी सब्सिडी का लाभ भी लिया जा सकता है.
क्या है PM सूर्य घर योजना?
PM सूर्य घर योजना केंद्र सरकार की एक खास पहल है, जिसका मकसद लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है. इस योजना के जरिये घरों की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाते हैं. इससे बिजली का खर्च कम होता है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है. योजना के पात्र परिवार हर महीने 300 यूनिट तक बिजली का लाभ ले सकते हैं.
कितनी मिलती है सब्सिडी?
सोलर पैनल लगाने की लागत कम करने के लिए सरकार आर्थिक मदद भी देती है. 3 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है. इससे लोगों पर शुरुआती खर्च का बोझ काफी कम हो जाता है. अगर आपके घर का सोलर सिस्टम जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा करता है, तो अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है. इसके बदले आय कमाने का मौका भी मिलता है.
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
• आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए.
• आवेदक के घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए.
• आवेदक के पास वैध और चालू बिजली कनेक्शन होना चाहिए.
• आवेदक ने पहले किसी अन्य रूफटॉप सोलर सब्सिडी योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए.
• परिवार अपनी मासिक बिजली खपत के अनुसार सोलर सिस्टम के लिए आवेदन कर सकता है.
• योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और जरूरी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है.
कैसे करें आवेदन
इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है.
- सबसे पहले PM सूर्य घर पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा.
- इसके बाद राज्य, DISCOM, उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी जानकारी भरनी होगी.
- आवेदन जमा होने के बाद DISCOM से मंजूरी ली जाएगी. मंजूरी मिलने पर रजिस्टर्ड विक्रेता से सोलर पैनल लगवाया जाएगा.
- इसके बाद निरीक्षण और नेट मीटरिंग की प्रक्रिया पूरी होगी.
- सभी दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे आपके बैंक खाते में भेज दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR के हाईवे-एक्सप्रेसवे पर अब VIDS सिस्टम देगा दुर्घटना की सूचना, नहीं पड़ेगी 1033 पर कॉल की जरूरत











