PhonePe: देश में डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ा है और आज ज्यादातर लोग खरीदारी से लेकर बिल भुगतान तक के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं. छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े मॉल तक, हर जगह मोबाइल से पेमेंट आम बात हो चुकी है. इसी बढ़ती जरूरत को देखते हुए PhonePe ने अपने यूजर्स के लिए एक अहम बदलाव किया है.
PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त में आपका नाम है या नहीं? पहले जरूर चेक करें लिस्ट, नाम गायब हुआ तो नहीं आएंगे 2000 रुपये
अब 5000 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन के लिए हर बार पिन डालना जरूरी नहीं होगा. कंपनी ने बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा शुरू की है, जिससे यूजर फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. यानी रोजमर्रा की छोटी खरीदारी के लिए अब लंबे प्रोसेस से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो दिन में कई बार छोटे-छोटे पेमेंट करते हैं, जैसे किराना, दवा, फूड डिलीवरी या कैब का किराया देने के लिए. 5000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन में स्मार्टफोन का इनबिल्ट सिक्योरिटी सिस्टम ही दूसरी सुरक्षा परत के रूप में काम करेगा. इसका मतलब है कि अगर आपके फोन में फिंगरप्रिंट या फेस लॉक सेट है, तो उसी के जरिए पेमेंट पूरा हो जाएगा.
हालांकि, बड़े अमाउंट के लेनदेन के लिए UPI पिन पहले की तरह जरूरी रहेगा. कंपनी का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया है. इस कदम का मकसद पेमेंट प्रक्रिया को आसान बनाना और समय बचाना है.
फिलहाल यह सुविधा केवल एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है. कंपनी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इसे आईफोन यूजर्स के लिए भी शुरू किया जा सकता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
- अगर आप इस फीचर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो सबसे पहले ऐप खोलें और अपनी प्रोफाइल में जाएं.
- यहां आपको 'Manage Payments' का ऑप्शन मिलेगा.
- इसके बाद बायोमेट्रिक पेमेंट का ऑप्शन चुनें और अपने बैंक अकाउंट के लिए इसे एक्टिव कर दें.
- पहली बार सेटअप करते समय आपको UPI पिन और बायोमेट्रिक दोनों से पुष्टि करनी होगी.
- एक बार प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद 5000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन बिना पिन के किए जा सकेंगे.
कुल मिलाकर, यह बदलाव डिजिटल पेमेंट को और आसान और तेज बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.














