LPG Gas Booking New Rules: घरेलू गैस इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए एक और बड़ा अपडेट आया है. Indian Oil Corporation (IndianOil) ने एलपीजी (LPG) सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नए नियम लागू किए हैं. इन नियमों का मकसद गैस की कालाबाजारी रोकना और सभी उपभोक्ताओं तक सही समय पर गैस पहुंचाना है. आइए जानते हैं अब क्या बदलाव किए गए हैं और किन बातों को ध्यान में रखना जरूरी है.
बढ़ा बुकिंग का समय
सरकार और गैस कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए अब सिलेंडर लेने के बीच का समय बढ़ा दिया है. गैस कंपनियों ने अलग-अलग उपभोक्ताओं के लिए अलग नियम बनाए हैं. नए नियमों के अनुसार,
- जिन लोगों के पास सिर्फ एक सिलेंडर है, वे 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं.
- दो सिलेंडर वाले ग्राहकों को अब गैस बुकिंग के लिए 35 दिन का इंतजार करना पड़ेगा.
- इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को और ज्यादा इंतजार करना होगा, उन्हें अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ेगा.
यानी नया नियम खासकर शहरों में रहने वाले डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले परिवारों को ज्यादा प्रभावित करेगा. वहीं, अगर कोई ग्राहक तय समय से पहले बुकिंग करने की कोशिश करता है, तो सिस्टम उसकी बुकिंग स्वीकार नहीं करेगा.
छोटे सिलेंडरों के लिए भी समय सीमा तय की गई है. इसके तहत 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए 9 से 16 दिन का अंतर जरूरी है, जबकि 10 किलो वाले सिलेंडर के लिए 18 से 32 दिन का गैप रखा गया है. हालांकि, यह समय पिछली बुकिंग से नहीं, बल्कि सिलेंडर की डिलीवरी की तारीख से गिना जाएगा.
क्यों किए गए ये बदलाव?सरकार और कंपनियों का कहना है कि इन नए नियमों से गैस की सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा. इससे कालाबाजारी पर रोक लगेगी और जरूरतमंद लोगों तक गैस सही समय पर पहुंचेगी. ये नए नियम उपभोक्ताओं के लिए थोड़े मुश्किल जरूर हैं, लेकिन लंबे समय में गैस की सही सप्लाई और पारदर्शिता लाने के लिए इन्हें जरूरी माना जा रहा है.














