IRCTC User ID Deactivate: अगर आप भी आईआरसीटीसी (IRCTC) ट्रेन टिकट बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए है. दरअसल, भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. आईआरसीटीसी ने 3 करोड़ से ज्यादा यूजर आईडी को डीएक्टिवेट कर दिया है. यह कदम फर्जी बुकिंग और बॉट गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है, ताकि ट्रेन बुक करने के लिए यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में कहा कि आधार-आधारित प्रमाणीकरण, बहुस्तरीय साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी-रोधी उपायों के कारण 2025 में ट्रेन टिकट बुकिंग में 3.03 करोड़ संदिग्ध यूजर्स आईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है, जिससे रियल यूजर्स के लिए निर्बाध बुकिंग सुनिश्चित हुई है.
यह भी पढ़ें:- Aadhaar App Update: UIDAI के नए आधार ऐप में रखें पूरे परिवार का आधार, 1 फोन 5 Aadhar, जानिए पूरा प्रोसेस
ट्रेन बुक करने के लिए फर्जी 3 करोड़ यूजर आईडी ब्लॉक
दरअसल, राज्यसभा में पूछे गए एक प्रश्न का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के ई-टिकट सिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह महीनों में यानी दिसंबर 2025 तक 6,043 करोड़ मैलिशियस बॉट रिक्वेस्ट को ब्लॉक किया है. नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर 3.99 लाख संदिग्ध बुकिंग से संबंधित 376 शिकायतें दर्ज की गई हैं और 2025 में 12,819 संदिग्ध ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया गया है.
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, तत्काल टिकट बुकिंग में दुरुपयोग को रोकने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग हेतु आधार आधारित वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) सत्यापन शुरू किया गया है. आधार प्रमाणीकरण से यूजर्स की पहचान का तुरंत सत्यापन हो जाता है, जो तत्काल टिकट बुकिंग की समयबद्ध प्रकृति को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि सिस्टम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए, भारतीय रेलवे ने स्टैटिक कंटेंट को ऑफलोड करने और इंटरनेट टिकट बुकिंग वेबसाइट सिस्टम पर डायरेक्ट ट्रैफिक को कम करने के लिए कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क (सीडीएन) लागू किया है.
कैसे पता करें IRCTC अकाउंट एक्टिव है या नहीं?अगर, आप ट्रेन टिकट बुक करने जा रहे हैं और कंफ्यूजन है कि आपका अकाउंट एक्टिव है या नहीं, तो इसे चेक करना बहुत आसान है. इसके लिए सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं या अपने फोन में IRCTC Rail Connect ऐप खोलें. इसके बाद लॉगिन पेज पर जाकर अपना यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करें. फिर स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें और ‘साइन इन' पर क्लिक करें. अगर, आपका अकाउंट एक्टिव है, तो आप बिना किसी परेशानी के लॉगिन कर पाएंगे.














